हल्द्वानी: सिटी मजिस्ट्रेट के सामने बेच दिया 200 रुपये किलो का टमाटर
हल्द्वानी, अमृत विचार। मंडी प्रशासक/सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह ने शहर में सब्जी की दुकानों का आकस्मिक जायजा लिया। एक दुकानदार सिटी मजिस्ट्रेट के सामने ही 200 रुपये किलो में टमाटर बेच दिया। उन्होंने फटकार लगाई तो दुकानदार ने अपनी समस्या बताई।
इस पर उन्होंने दुकानदार को शासन से जारी सूची में ही सब्जी बेचने के निर्देश दिए। सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह ने बताया कि सब्जी की दुकानों पर टमाटर निर्धारित सूची से अधिक मूल्य पर बेचने की शिकायतें मिल रही थीं। इस पर मंगल पड़ाव, देवलचौड़ चौराहे पर सब्जी की दुकानों की चेकिंग की।
जहां एक दुकानदार ने 200 रुपये किलो टमाटर बेच दिया। पूछताछ में पता चला कि छोटे दुकानदार फुटकर विक्रेताओं से सब्जी खरीद कर लाते हैं। ऐसे में टमाटर का मूल्य खुद ब खुद बढ़ जाता है। दूसरा इन दुकानदारों के पास मंडी प्रशासन से जारी सूची नहीं होती है इसलिए मनमाने दाम वसूलते हैं।
चेतावनी दी कि सूची में निर्धारित दाम से अधिक दाम नहीं वसूल सकते हैं। मंडी में यदि कोई थोक व फुटकर विक्रेता मनमानी करता है तो मंडी निरीक्षक से भी शिकायत कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे फुटकर दुकानों पर टमाटर समेत अन्य सब्जी के दामों पर लगाम कसने के लिए इन फुटकर व्यापरियों का एक व्हाटस एप ग्रुप बनाया जाएगा।
इस ग्रुप में सब्जी की रेट लिस्ट अपलोड कर दी जाएगी। ताकि ये फुटकर विक्रेता निर्धारित दाम पर ही सब्जी बेचें। इनकी निगरानी के लिए मंडी निरीक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मंडी में आढ़तियों के लिए बनेगा साइबर सेल
हल्द्वानी। मंडी में आढ़तियों को आ रही समस्याओं के समाधान के लिए मंगलवार को विधायक बंशीधर भगत, विपणन बोर्ड के प्रबंध निदेशक आशीष भटगई, मंडी सचिव दिग्विजय सिंह देव ने निरीक्षण भवन में आढ़तियों के साथ बैठक की। इसमें मंडी में आने जाने वाले प्रपत्र-6, प्रपत्र-9 व गेटपास को ऑनलाइन जारी करने की पद्धति में सरलीकरण को लेकर मंथन हुआ। इसमें आढ़तियों ने बताया कि मंडी में आने वाली आवक की ऑनलाइन सॉफ्टवेयर से प्रवेश द्वार पर पर्ची जारी करने के बजाय मंडी स्टाफ फर्म पर जाकर आवक अंकित करने के बाद प्रवेश पर्ची जारी करने को कहा।
मंडी में आवक के प्रवेश को फ्री कर बिक्री के लिए बाहर जाने वाली उत्पाद पर शत प्रतिशत निकासी प्रपत्र-9 एवं गेटपास से की जाए। इस मौके पर प्रबंध निदेशक भटगई ने आढ़तियों को ऑनलाइन आ रही समस्याओं को 15 दिनों में समाधान के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि जिन आढ़तियों के पास ऑनलाइन सिस्टम नहीं है, उनकी सुविधा के लिए ऑनलाइन प्रकोष्ठ बनाया जाएगा।
जहां आढ़ती स्वयं भी ऑनलाइन काम कर अभिलेख हासिल कर सकते हैं। साथ ही मंडी में वाई-फाई की सुविधा दी जाएगी ताकि आढ़तियों को इंटरनेट की समस्या नहीं हो। इस दौरान आलू फल आढ़ती अध्यक्ष कैलाश जोशी, महामंत्री दीपक पाठक, चंदन सिंह बिष्ट, देवानंद सिंधी, केशवदत्त पलड़िया, भुवन चंद्र तिवारी, सज्जाद अली, चरनजीत सिंह आदि मौजूद थे।
1 अगस्त को मंडी प्रशासन की ओर से सब्जी की दामों की जारी सूची
आलू - 20 रुपये प्रति किलो
प्याज - 20 रुपये प्रति किलो
लौकी - 15 रुपये प्रति किलो
कद्दू - 20 रुपये प्रति किलो
खीरा – 20 रुपये प्रति किलो
तोरई - 15 रुपये प्रति किलो
करेला – 20 रुपये प्रति किलो
बैंगन – 20 रुपये प्रति किलो
शिमला मिर्च – 80 रुपये प्रति किलो
भिंडी - 15 रुपये प्रति किलो
फूलगोभी – 60 रुपये प्रति किलो
टमाटर – 120 रुपये प्रति किलो
अदरक – 140 रुपये प्रति किलो
नीबू 40 रुपये प्रति किलो
परवल – 35 रुपये प्रति किलो
मूली – 30 रुपये प्रति किलो
कटहल – 10 रुपये प्रति किलो
बीन – 60 रुपये प्रति किलो
