सुल्तानपुर : गहरे तालाब किनारे खेलते मिले बच्चे, कुर्सी पर सो रहे थे सहायक अध्यापक, हुए निलंबित
सुल्तानपुर, अमृत विचार। बच्चों के साथ गहरे तालाब के किनारे कुर्सी मेज लगाकर सोते हुए पाए गए सहायक अध्यापक को बीएसए दीपिका चतुर्वेदी ने निलंबित कर दिया है। निलंबित शिक्षक को प्रतापपुर कमैचा कार्यालय से संबद्ध करते हुए जांच बैठा दी गई है।
खंड शिक्षा अधिकारी जयसिंहपुर ने 21 जुलाई को सुबह 10ः36 बजे प्राथमिक विद्यालय भैरव पुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय अवधेश कुमार सहायक अध्यापक बच्चों के साथ तालाब के किनारे कुर्सी मेज लगाए हुए और मेज पर सिर रखकर सोते हुए पाए गए। इनके सोने के कारण बच्चे इधर उधर टहल रहे थे। जिस तालाब किनारे शिक्षण कार्य के लिए बच्चों को बैठाया गया था वह बहुत ही गहरा है। इनकी मेज पर मोटी छड़ी रखी हुई थी, जिससे प्रतीत होता है कि वे बच्चों को दंडित भी करते है, जो किसी भी दशा में स्वीकार नहीं है। शिक्षक की ओर से शिक्षण योजना नहीं बनाई जाती है।
बीएसए दीपिका चतुर्वेदी ने बताया कि खंड शिक्षाधिकारी की निरीक्षण आख्या के आधार पर शैक्षिक कार्यों में रूचि न लेने, लापरवाही व अनुशासनहीनता के आरोपों में सहायक अध्यापक अवधेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है। पीपी कमैचा से संबद्ध कर जांच बैठाई गई है। जांच कर बीईओ पीपी कमैचा से रिपोर्ट मांगी गई है।
12 शिक्षक व शिक्षामित्रों का मानदेय रोका
बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों का 25 से 31 जुलाई तक बीईओ व जिला समन्वयकों की ओर से किए गए आनलाइन निरीक्षण में 12 शिक्षक, शिक्षामित्र व अनुदेशक अनुपस्थित पाए गए हैं। बीएसए दीपिका चतुर्वेदी ने बताया कि अनुपस्थित शिक्षकों का वेतन व मानदेय रोकते हुए तीन दिवस के अंदर स्पष्टीकरण मांगा गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर विभागीय कार्यवाही की जाएगी।
ये भी पढ़ें -लखनऊ : आलमबाग फल मंडी में आग लगने से 5 दुकानें जलकर राख
