बरेली: मियापुर में गोलमाल की जांच के लिए डीएम ने बनाई कमेटी, प्रधान पर कई कार्यों में धांधली का है आरोप
प्रधान पर आंगनबाड़ी केंद्र, शौचालय समेत कई कार्यों में धांधली का है आरोप
बरेली, अमृत विचार। नवाबगंज के गांव मियापुर में हुए विकास कार्यों में अनियमितताओं की शिकायत पर डीएम ने जांच के लिए दो सदस्यीय टीम बनाई है। इस गांव के ओमकार, प्रेमपाल, नरायन लाल, झम्मन लाल ने डीएम शिवाकांत द्विवेदी को शिकायती पत्र देकर प्रधान पर विकास कार्यों में धांधली करने का आरोप लगाया था। ग्रामीणों का आरोप है कि आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण में मानक अनुसार सरिया नहीं लगाई जा रही। प्राथमिक विद्यालय में दिव्यांग शौचालय का निर्माण पीला ईंट से कराया गया है। केवल एक सरिया बीम में डाली गई है।
ओबीसी श्रेणी में जो बोरिंग आए थे वह खुद प्रधान ने करा लिए। अन्य किसी को इसका लाभ नहीं दिया। धर्मेंद्र और टीकाराम के खेत में तालाब का निर्माण भी श्रमिकों से न कराकर ट्रैक्टर से जोतकर करा दिया गया। इसके अलावा चकमार्ग निर्माण को आया पैसा भी प्रधान ने हेराफेरी कर निकाल लिया। सीसी रोड का निर्माण भी मानक के अनुसार नहीं कराया गया। डीएम ने डीसी मनरेगा और ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता को मामले की जांच देकर एक सप्ताह में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें- बरेली: सड़क पर पड़ी ईंटों से बताया खतरा, डीएम ने अतिक्रमण हटवाया
