जनता को भाजपा सरकार की विफलताओं के बारे में बताना है : अखिलेश यादव
अमृत विचार, लखनऊ । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि प्रदेश में किसान तबाह है, कानून व्यवस्था चौपट है। महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी बड़े मुद्दे हैं। जनता को भाजपा सरकार की विफलताओं के बारे में बताना है। समाजवादी सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक फिर एक बार पहुंचाना जरूरी है। साल 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को सभी 80 सीटों पर पराजित करना है।
सपा प्रमुख मंगलवार को पार्टी मुख्यालय, में पार्टी के मीडिया सेल की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। बैठक में सांसद डिम्पल यादव भी उपस्थित थी, भाजपा की अलोकतांत्रिक साजिशों को काउण्टर करने की रणनीति पर विचार किया गया।
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं का उत्पीड़न, हिरासत में मौतें भाजपा सरकार के माथे पर कलंक है। वह अपराधिक व्यवस्था को ताकत देती है। भाजपा शासनकाल में शिक्षा-स्वास्थ्य सेवाएं बर्बाद है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय के लिए संघर्षरत रही है। जातीय जनगणना की मांग इसलिए की जा रही है ताकि सबको समानुपातिक भागीदारी तथा सम्मान मिल सके। इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में सोशल मीडिया की बहुत अहमियत है। भाजपा फर्जी खबरें प्रचारित करने में माहिर है। मीडिया सेल से जुड़े सभी युवाओं को सक्रिय एवं सजग रहना है। जनता को भाजपा के कारनामों से परिचित कराना है। भाजपा के झूठ का पर्दाफाश करने में देर नहीं होनी चाहिए।
ये भी पढ़ें - प्रयागराज : फाइनेंस कर्मचारी से बदमाशों ने लूटा रुपयों से भरा बैग
