Kanpur: मिर्जापुर के गुड्डु भैया जैसा बनाना था रूतबा, मां बोली- भईया एक बार उठ जाओ, तुम जो बोलोगे हम सब करेंगे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में छात्र की मौत से परिजनों में मचा कोहराम।

कानपुर के बिधनू थानाक्षेत्र में लंच के समय छात्र ने सहपाठी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया।

कानपुर, अमृत विचार। चर्चित वेब सीरीज मिर्जापुर तो सभी ने देखी होगी। उसमें गुड्डु भैया का किरदार भी लोगों को बीच चर्चा का विषय बना था। उसके डॉयलाग ‘हमको चाहिए फुल इज्जत’ से आरोपी छात्र बहुत प्रभावित था। स्कूल में छात्र-छात्राओं के बीच आरोपी कई बार इस डॉयलाग को बोल कर रूतबा बनाने का प्रयास करता था। स्कूल में विद्यार्थियों के बीच रूतबा कायम करने के लिए ही उसने वारदात को अंजाम दिया था।

कुछ ऐसी कहानी है नीलेंद्र की हत्या करने वाले सहपाठी की। आरोपी छात्र मूल रूप से महाराजपुर थानाक्षेत्र के लालापुर गांव का रहने वाला है। गांव में भी उसका अक्सर लोगों से विवाद होता रहता था। विवाद से तंग आकर आरोपी के पिता नीरज यादव ने उसे पढ़ने के लिए फूफा के घर भेजा था। जिसके बाद उसका दाखिला प्रयाग विद्या मंदिर इंटर कालेज में कराया गया था।

मंगलवार को क्लास में पढ़ने वाले छात्रों ने बताया कि आरोपी वेब सीरीज मिर्जापुर के किरदार गुड्डु भैया से बहुत प्रभावित था। स्कूल में वह गुड्डुं भैया के डॉयलाग में सहपाठियों से बातचीत करता था। आरोपी अक्सर सहपाठियों से बातचीत के दौरान हम चाहिए फुल इज्जत डॉयलाग का प्रयोग करता रहता था।

छात्रों ने बताया कि आरोपी छात्र क्लास में अपना दबदबा कायम रखना चाहता था। जो भी छात्र उसकी बातों का विरोध करता था, उससे उसकी लड़ाई हो जाती थी। नाम न छापने की शर्त पर एक छात्र ने बताया कि कुछ दिन पूर्व सीट में बैठने को लेकर आरोपी छात्र की उससे भी लड़ाई हुई थी, जिसके बाद उसने स्कूल के शिक्षकों से उसकी शिकायत भी की थी। क्लास में आरोपी छात्र अक्सर सहपाठियों से गाली-गलौज करता था।

नीलेंद्र को गाली देने पर उसने इसका विरोध किया था। मोहर्रम व रविवार की छुट्टी होने पर नीलेंद्र ने साथियों के साथ मिलकर आरोपी को समझाने का भी प्रयास किया था, जिसकी जानकारी उन्हें सोमवार को स्कूल में पहुंचने पर नीलेंद्र ने दी थी। सोमवार को स्कूल खुलने पर जब दसवीं के छात्र क्लास में पहुंचे तो आरोपी बहुत खुन्नस के साथ बैठा हुआ था और लंच के दौरान उसने वारदात को अंजाम दे दिया।

जरा-जरा सी बात पर आता था गुस्सा

एडीसीपी अंकिता शर्मा ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे जरा-जरा सी बात पर गुस्सा आ जाता था। गुस्सा उस पर इस कदर हावी होता था कि वह क्या कर रहा है उसे खुद होश नहीं रहता था। आरोपी ने बताया कि नीलेंद्र के प्रति उसके मन में बहुत गुस्सा भरा हुआ था, जिस पर उसने उसकी हत्या करने की ठान ली थी।

पढ़ाई में औसतन था आरोपी

प्रधानाचार्य विनय कुमार पांडेय ने बताया कि वह दसवीं के क्लास टीचर भी है। बोर्ड परीक्षा होने के कारण हाईस्कूल व इंटर के छात्र-छात्राओं पर स्वंय नजर रखते है। बताया कि छात्र पढ़ाई में औसत दर्जे का था। अक्सर उसको क्लास में आगे बैठने के लिए टोका जाता था, लेकिन वह पीछे ही बैठता था।

भईया एक बार उठ जाओ, तुम जो बोलोगे हम सब करेंगे

बिधनू थानाक्षेत्र के गंगापुर के रहने वाले छात्र नीलेंदऱ तिवारी की हत्या के बाद शव पोस्टमार्टम हाउस से घऱ पहुंचा तो बहन राधिका बोली,  भईया एक बार उठ जाओ। तुम जो बोलोगे हम सब करेंगे..पर एक बार उठ जाओ। अब किसे राखी बांधूंगी। बहन को बिलखते हुए देख वहां मौजूद हर कोई रो रहा था।

वहीं, अंतिम संस्कार के बाद घर लौटे नीलेंद्र के चाचा आलोक तिवारी घर के पास लगी पुलिस फोर्स देख भडक़ गए। उन्होंने कहा कि अब यहां क्यों हो। उन्हें देखकर घर की महिलाएं भयभीत हैं। इस पर एक पुलिसकर्मी ने कहा कि अधिकारी आदेश कर दें तो हम चले जाएं। इसके बाद थाना प्रभारी को फोन किया गया। कुछ देर बाद पुलिसकर्मी घर से कुछ और दूर गली में चले गए। आरोप है, कि इतनी बड़ी घटना उनके परिवार में घटी, लेकिन कोई भी जनप्रतिनिधि नहीं पहुंचा।

झगड़ालू स्वभाव के कारण फूफा के घर भेजा गया था हत्यारोपी छात्र

हत्यारोपी छात्र महाराजपुर रूमा के खोजऊपुर के मजरा लालपुर गांव का रहने वाला है। ग्रामीणों के अनुसार छात्र शुरू से ही गुस्सैल और झगड़ालू स्वभाव का है। गांव में भी उसका अक्सर किसी न किसी से झगड़ा होता रहता था। इससे परेशान होकर परिजनों ने उसे उसके फूफा के घर गंगापुर में भेज दिया था, जहां फूफा के दोस्त के स्कूल में पिछले साल नवीं में एडमिशन करा दिया गया था, लेकिन यहां भी उसकी हरकतें किसी से छिपी नहीं थी। उसके स्वभाव से स्कूल के अन्य छात्र भी वाकिफ थे।

संबंधित समाचार