अंगदान कर बचाई जा सकती है लाखों लोगों की जान : प्रो. राजेश हर्षवर्धन

Amrit Vichar Network
Published By Jagat Mishra
On

लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश राज्य के लिए प्रासंगिक शासनादेश के तहत यूपी में मानव अंगों और ऊतकों को हटाने, भंडारण और प्रत्यारोपण की प्रणाली को औपचारिक बनाने के लिए राष्ट्रीय अंग और ऊतक प्रत्यारोपण कार्यक्रम के अंतर्गत  (एनओटीपी) राज्य अंग और ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (SOTTO UP) की स्थापना, अस्पताल प्रशासन विभाग के तत्वावधान में संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, लखनऊ में की गई थी। यह जानकारी राज्य अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (SOTTO) के नोडल अधिकारी और संजय गांधी पीजीआई स्थित अस्पताल प्रशासन विभाग के प्रमुख प्रो. राजेश हर्षवर्धन ने दी है।

प्रो. राजेश हर्षवर्धन ने बताया कि अंग और ऊतक दान के क्षेत्र में चिकित्सा विज्ञान में निरंतर प्रगति के साथ अब यह स्थापित हो गया है कि एक व्यक्ति के अंगदान से 8 लोगों की जान बच सकती है और ऊतक दान से लगभग 75 व्यक्तियों के जीवन में सुधार होता है। इसके साथ ही अंग दाताओं की कमी के कारण प्रत्यारोपण की आवश्यकता वाले रोगियों की प्रतीक्षा सूची में भी वृद्धि हुई है।

भारत में प्रत्यारोपण की आवश्यकता वाले रोगियों और उपलब्ध अंगों के बीच एक बड़ा अंतर है। एक अनुमान के अनुसार भारत में प्रति वर्ष लगभग 2 लाख मरीज़ों की लिवर फेल्योर या लिवर कैंसर से मृत्यु हो जाती है, जिनमें से लगभग 10-15 प्रतिशत को समय रहते लिवर प्रत्यारोपण से बचाया जा सकता था। भारत में वार्षिक रूप से लगभग 25-30 हजार लिवर ट्रांसप्लांट की जरूरत होती है, लेकिन केवल 1,500 प्रत्यारोपण ही हो पा रहे है। 

इसी प्रकार, भारत में प्रतिवर्ष लगभग 500,000 व्यक्ति  हार्ट फ़ेल  से पीड़ित होते हैं, लेकिन हर वर्ष केवल 10-15 हृदय प्रत्यारोपण ही किए जाते हैं। पूरे भारत में लोगों को किडनी, लिवर, हृदय, कॉर्निया और फेफड़े के प्रत्यारोपण की अत्यधिक आवश्यकता है।

प्रो. राजेश हर्षवर्धन ने आगे कहा कि राष्ट्रीय अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (NOTTO) के राष्ट्रीय आंकड़ों के अनुसार 1995 के बाद से, केवल 2,546 लोगों ने अपनी मृत्यु के बाद अपने अंगों को दान करने का विकल्प चुना, जबकि 34,094 लोगों ने जीवित रहते हुए अपने अंगों को दान करने का विकल्प चुना।  सन 2015 से उत्तर प्रदेश राज्य में अंगदान का परिदृश्य 32 मृत दाताओं और 1,876 जीवित दाताओं का है। 

उन्होंने बताया कि SOTTO - UP  पूरे राज्य में अंग दाता पूल को बढ़ाने के लिये लगातार काम कर रहा है। इसी के तहत  जागरूकता सेमिनार और प्रतिज्ञा अभियान आयोजित करने का कार्य भी किया जा रहा है। 

कल 3 अगस्त, 2023 को 13वें भारतीय अंगदान दिवस के अवसर पर SOTTO UP, लखनऊ में अंग एवं ऊतक दान के लिए जागरूता कार्यक्रम एवं प्रतिज्ञा अभियान आयोजित कर रहा है। जिससे लोगों में अंगदान को लेकर जागरूकता को बढ़ावा दिया जा सके।

ये भी पढ़ें -AI स्तन कैंसर का पता लगाने में मददगार, लेकिन क्या यह जीवन प्रत्याशा में सुधार कर सकता है?

संबंधित समाचार