अमेठी : बिना मान्यता कान्वेंट स्कूल में संचालित हो रही थीं इंटर तक की क्लास, बीईओ ने पकड़ा
अमेठी, अमृत विचार। बहादुरपुर के खंड शिक्षाधिकारी (बीईओ) को निरीक्षण के दौरान कक्षा एक से 12 तक के कान्वेंट स्कूल बिना मान्यता के चलते मिले। बीईओ ने कार्यवाही के लिए बीएसए को पत्र लिखा है। बीईओ ने बताया कि इससे पहले भी मार्च महीने में संचालक को मान्यता संबंधी प्रपत्र उपलब्ध कराने के लिए नोटिस जारी किया गया था।
बुधवार को बीईओ राकेश सचान ने विकास खंड बहादुरपुर के छुलामऊ में चल रहे तक्षशिला कान्वेंट स्कूल का निरीक्षण किया। कान्वेंट स्कूल में कक्षा एक से 12 तक के छात्रों को पढ़ाया जा रहा था। जब अध्यापकों से मान्यता प्रमाण पत्र दिखाने को कहा तो वह नहीं दिखा सके। बीईओ राकेश सचान ने बताया कि बिना मान्यता चल रहे कान्वेंट स्कूल के प्रबंधकों को इसी वर्ष बीते मार्च महीने की 23 तारीख को पत्रांक संख्या 626-28/2022-23 नोटिस जारी कर मान्यता सहित कान्वेंट स्कूल से संबंधित प्रपत्र मांगा गया था। लेकिन स्कूल संचालक द्वारा नोटिस मिलने से इनकार कर दिया था।
बुधवार को जब कान्वेंट स्कूल का पुनः निरीक्षण किया गया तो पाया गया कि बिना मान्यता के गैर कानूनी तरीके से एक से 12 तक की कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। साथ ही बच्चों को लाने ले जाने के लिए नियम विरुद्ध असुरक्षित ढंग से वाहनों में बच्चों को लाया ले जाया जा रहा है। बीईओ ने बताया कि उक्त विद्यालय न सिर्फ बाल अधिकार अधिनियम 2009 का उलंघन कर रहा है बल्कि बच्चों का नामांकन एवं अमान्य कक्षाएं संचालित कर उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। बीईओ राकेश सचान ने बताया कि गैर कानूनी तरीके से संचालित किए जा रहे कान्वेंट स्कूल के विरुद्ध कार्यवाही के लिए बीएसए को पत्र लिखा गया है।
ये भी पढ़ें -बहराइच : जंगल में मिला अज्ञात युवक का शव, पास में पड़ा मिला गमछा और रस्सी - ये जताई जा रही आशंका
