अमरोहा: मारपीट का बदला लेने के लिए की थी हेड कांस्टेबल के भाई की हत्या
अमरोहा, अमृत विचार। डिडौली पुलिस ने हेड कांस्टेबल के भाई की गोली मारकर हत्या का खुलासा करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल दिया। आरोपियों ने बताया कि मारपीट का बदला लेने के लिए उवैस की हत्या की थी।
पुलिस ने मामले में मृतक के पिता की तहरीर पर गांव सिनौरा निवासी मुसरेन व गांव ढकिया चमन निवासी दो सगे भाई वहाब व हमजा के खिलाफ हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की थी। बुधवार को पुलिस कार्यालय सभागार में एएसपी राजीव कुमार सिंह ने हत्या का खुलासा करतने हुए बताया कि मामले में दो आरोपी मुसरेन व हमजा को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक 29 जुलाई को उवैस के दोस्त अब्दुल कादिर निवासी गांव दीपपुर का झगड़ा गांव नीलीखेड़ी में मोहर्रम के जुलूस के दौरान गांव ढकिया चमन निवासी वहाब से हुआ था। इसमें कादिर के दोस्त मोहम्मद उवैस ने वहाब के साथ मारपीट कर की थी। छह महीने पहले भी संभल चौराहे पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी।
31 जुलाई को कादिर ने वहाब को कॉल कर मामले में फैसला करने की बात कही थी। तय हुआ था कि गांव सिनौरा में पूर्व जिला पंचायत सदस्य जावेद आलम के दफीने में आएंगे वहीं फैसला भी हो जाएगा।
वहाब ने गांव सिनौरा निवासी अपने दोस्त मुसरेन को इसकी जानकारी दी। वहाब अपने साथ भाई हमजा, मुसरेन के साथ गांव मूंढा इम्मा निवास दोस्त अरबाज, आकिब, साजिद, गांव नीलीखेड़ी निवासी नाजिम, अरबाज तथा गांव डिडौली निवासी तबक को भी साथ ले गया था। सभी युवक सोमवार शाम को नीलीखेड़ी से सिनौरा जाने वाले मार्ग पर पहुंचे।
उधर से उवैस, कादिर, जीलानी, शुऐब व फैजान भी दो बाइक पर सवार होकर आ गए। दोनों गुटों में फैसले के बीच मारपीट हो गई। एएसपी ने बताया कि पहले वहाब ने तमंचे से फायर किया था, जो मिस हो गया। इसी बीच मुरसेन ने तमंचा निकालकर फायर कर दिया। जिससे सीने पर गोली लगने से उवैस की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, वहां से उन्हे जेल भेज दिया गया।
ये भी पढ़ें:- पाकिस्तान के साथ हमेशा मजबूती से खड़ा रहेगा चीन, Xi JinPing का बड़ा बयान
