IGRS: बरेली को फिर 7वीं रैंक, पीलीभीत नंबर वन तो नवाबगंज तहसील फिसड्डी
पीलीभीत नंबर वन, खीरी और शाहजहांपुर भी 7वें नंबर पर, बदायूं 22वें
बरेली, अमृत विचार। आईजीआरएस पर जुलाई में की गई शिकायतों के निस्तारण की बुधवार को जारी रैंकिंग में बरेली को जून की तरह फिर सातवां स्थान मिला है। पीलीभीत नंबर एक पर रहा जबकि शाहजहांपुर और लखीमपुर खीरी को भी 7वीं और बदायूं को 22वीं रैंक मिली है।
मूल्यांकन रिपोर्ट के अनुसार बरेली, शाहजहांपुर और खीरी को 130 अंक में से 127 अंक मिले हैं। पीलीभीत को 130 में से 128 अंक मिले हैं। बरेली की रैंक बरकरार रहने पर डीएम शिवाकांत द्विवेदी और एडीएम प्रशासन दिनेश ने स्टाफ की सराहना की है।
बरेली में शिकायतों के तहसीलवार निस्तारण में फरीदपुर की स्थिति सबसे बेहतर रही है। इस तहसील ने 90 में से 89 अंक पाकर 17वीं रैंक पाई है। नवाबगंज तहसील 90 में से 71 अंक पाकर फिसड्डी रही। बहेड़ी तहसील ने 87 अंक पाकर 50 वीं, मीरगंज ने 90 में से 86 अंक पाकर 75वीं और आंवला ने 85 अंक पाकर 107वीं रैंक पाई है। सदर तहसील की स्थिति भी बेहद खराब रही। अफसरों के शिकायतों के निस्तारण में रुचि न लेने के कारण उसे 79 अंकों के साथ प्रदेश में 207वीं रैंक मिली है।
बरेली : 2807 में से 1926 शिकायत करने वाले असंतुष्ट
रिकॉर्ड के मुताबिक जुलाई में जिले भर से 7816 शिकायतें मिलीं और 2807 शिकायत करने वालों ने ऑनलाइन फीडबैक दिया। इनमें से 1926 ने असंतुष्टि जताई। 1106 असंतुष्टि वाले फीडबैक को अधिकारियों ने बंद कर दिया लेकिन 820 को संतुष्ट नहीं किया जा सका।
बरेली पुलिस की स्थिति फिर खराब
शिकायतों के निस्तारण में बरेली पुलिस की स्थिति फिर खराब रही। बरेली पुलिस को प्रदेश में 34वीं रैंक मिली है। जुलाई में पुलिस को 4503 शिकायतें आईजीआरएस के जरिए मिली थीं। सभी के निस्तारण का दावा कर ऑनलाइन रिपोर्ट फीड की गई। इनमें 3468 शिकायत करने वालों ने फीडबैक दिया जिनमें 2658 असंतुष्ट थे। 23 सौ असंतुष्ट फीडबैक अधिकारियों ने स्पेशल क्लोज कर दिए। 358 असंतुष्ट फीडबैक अवशेष हैं।
यह भी पढ़ें- बरेली: मरीजों को मिली राहत, डायलिसिस यूनिट में अब एक साथ 10 लोग करा सकेंगे इलाज
