अमरोहा: मुरादाबाद के कपड़ा व्यापारी से लूट का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
11700 रुपये, चाकू व तमंचा बरामद
हसनपुर/अमरोहा, अमृत विचार। पुलिस ने 40 दिन पूर्व मुरादाबाद के रेडीमेड कपड़ा व्यापारी से हुई लूट का खुलासा कर दिया है। दो लुटेरों को गिरफ्तार कर उनके पास से कार, नकदी व लूटा गया माल बरामद किया है।
कोतवाली क्षेत्र के गजरौला मार्ग पर 24 जून को रेडीमेड कपड़ा व्यापारी सूरज पुत्र रमेश निवासी मोहल्ला प्रकाश नगर मुरादाबाद से बदमाशों ने हजारों रुपये के रेडीमेड कपड़े लूट लिए थे। पीड़ित ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी थी। छानबीन के बाद पुलिस दो जुलाई को अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस लूट का खुलासा करने में जुटी हुई थी।
बुधवार को मनोटा चौकी इंचार्ज विनोद कुमार गोले गांव अगरोला मार्ग पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। तभी गांव की ओर से आ रही आर को रोककर पुलिस दो युवकों से पूछताछ की तो वह ठीक से जवाब नहीं दे पाये। पुलिस ने कार सवार संजीव पुत्र करतार सिंह व अरुण निवासी गांव सैकड़ा जिला मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार कर लिया।
उनके पास से 11,700 रुपये, 25 जोड़ी लूटे गए रेडीमेड कपड़े बरामद कर लिये। बदमाशों के पास एक तमंचा व चाकू भी मिला। प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार वर्मा ने बताया है कि पुलिस ने रेडीमेड कपड़ा व्यापारी के साथ लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : मणिपुर दंगों में मृतकों के परिजनों को एक करोड़ मुआवजा देने की मांग
