बरेली: सिटी श्मशान भूमि रेलवे क्रासिंग पर अंडरपास के लिए 20.26 करोड़ का बजट मंजूर
बरसात बाद शुरू होगा क्रासिंग पर अंडरपास बनाने का काम
बरेली, अमृत विचार। सिटी श्मशान भूमि रेलवे क्रासिंग पर अंडरपास बनने का इंतजार अब जल्द खत्म हो जाएगा। इसके लिए रेलवे बोर्ड ने 20.26 करोड़ रुपये का बजट मंजूर कर दिया है। बारिश के बाद अंडरपास निर्माण का काम शुरू हो जाएगा। अंडरपास बनने से जाम से मुक्ति मिलेगी।
पिछले दिनों रेल अधिकारियों, नगर निगम, जिला प्रशासन और जन प्रतिनिधियों के साथ जितनी भी बैठकें हुईं उनमें हर बार बजट को लेकर पेच फंस जाता था। रेल अधिकारियों का तर्क था अगर उन्हें बजट मुहैया करा दिया जाए तो तत्काल प्रभाव से डीआरएम की मंजूरी से टेंडर निकाल कर काम शुरू कराया जाएगा, लेकिन ऐसा संभव नहीं हो पाया।
चूंकि यह अंडरपास उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल और पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल की रेल लाइनों की नीचे बनना है। दो क्रासिंग होने के कारण अधिक संख्या में सेगमेंट बॉक्स यहां रखें जाएंगे इसलिए बजट की रकम भी अधिक है। जनप्रतिनिधियों ने भी इसको लेकर प्रयास किया लेकिन स्मार्ट सिटी में इतना बजट नहीं था। जिसके बाद रेलवे बोर्ड मुख्यालय को बजट की मंजूरी के लिए भेजा गया।
लिहाजा अब रेलवे बोर्ड ने 20.26 करोड़ रुपये का बजट मंजूर कर दिया है। ऐसे में श्मशान भूमि रेलवे क्रासिंग पर अंडरपास बनाने में आ रहा एक बड़ा रोड़ा भी दूर हो गया है। करीब 250 मीटर से ज्यादा लंबे अंडरपास का नक्शा पूर्व में ही पास हो चुका है।
रेलवे को लेना पड़ेगा पांच से छह घंटे का ब्लॉक
रेल अधिकारियों का कहना है कि अंडरपास निर्माण के लिये शुरुआती चरण में सेगमेंट बॉक्स रखे जाएंगे। बरसात के बाद ब्लॉक लेकर दोनों रेलवे क्रासिंग पर सेगमेंट बॉक्स रखने शुरू कर दिए जाएंगे। चूंकि यहां दो रेलवे क्रासिंग हैं, लिहाजा दोनों रेलवे क्रासिंग पर पांच से छह घंटे का ब्लॉक दो दिन तक लिया जाएगा। जिसकी वजह से रेल यातायात भी प्रभावित होगा।
एक दिन में 200 से ज्यादा बार बंद होती है क्रासिंग
सिटी श्मशान भूमि रेलवे क्रासिंग 248 स्पेशल इज्जतनगर रेल मंडल क्षेत्र में आती है। तो दूसरी तरफ बेहद व्यस्त 359 रेलवे क्रासिंग मुरादाबाद रेल मंडल के तहत आती है। ऐसे में यहां दिन भर करीब 200 से ज्यादा मालगाड़ियां और यात्री ट्रेनें गुजरती हैं। जिसकी वजह से बार-बार क्रासिंग को बंद करना पड़ता है।
अंतिम संस्कार को आने वालों को मिलेगी राहत
रेलवे क्रासिंग बंद होने से जाम की स्थिति पैदा जाती है। सबसे अधिक दिक्कत श्मशान भूमि में अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए आने वालों को होती है। क्रासिंग बंद होने के कारण शव के साथ लोगों को इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में अंडरपास बनने से अंतिम संस्कार को आने वाले लोगों को तो राहत मिलेगी ही साथ ही यहां लगने वाले जाम से भी निजात मिल जाएगी।
सिटी श्मशान भूमि पर प्रस्तावित अंडरपास को लेकर जो एस्टीमेट तैयार किया गया था उसको रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिल गई है। स्टेट एजेंसी और रेलवे मिलकर काम करेंगे। बारिश का मौसम खत्म होते ही यहां सेगमेंट बॉक्स रखने का काम शुरू कर दिया जाएगा--- राजेंद्र सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, इज्जतनगर रेल मंडल।
यह भी पढ़ें- बरेली: जुर्माना देकर 31 दिसंबर तक भर सकेंगे ITR, तारीख बढ़ने की उम्मीदों पर फिरा पानी
