बरेली: जल निगम की खुदाई से पीलीभीत बाईपास पर 25 कैमरे बंद, तनावग्रस्त इलाके की निगरानी ठप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुलिस-प्रशासन का बढ़ा संकट, नगर आयुक्त ने एफआईआर के लिए एसएसपी को लिखा पत्र

DEMO IMAGE

बरेली, अमृत विचार। जोगीनवादा में बार-बार सांप्रदायिक टकराव की घटना के बाद जो इलाका निगरानी के लिहाज से पुलिस और प्रशासन के लिए सबसे ज्यादा सिरदर्द बना हुआ है, वहां जल निगम ने उसकी परेशानी और बढ़ा दी है। पहले से आगाह करने के बाद पीलीभीत बाईपास पर अंधाधुंध ढंग से खुदाई करने के कारण यहां अंडरग्राउंड केबल कटने से इस रोड पर लगे 25 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे बंद हो गए हैं। नगर आयुक्त ने इसके बाद अब एसएसपी को पत्र लिखकर जल निगम के अफसरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आग्रह किया है।

सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़कों पर खुदाई कर रहा जल निगम लगातार शहर की जरूरी व्यवस्थाओं को तहस-नहस कर रहा है लेकिन प्रशासन के उच्चाधिकारी भी उस पर काबू नहीं कर पा रहे हैं। काफी समय से पीलीभीत बाईपास पर नमामि गंगे योजना के तहत सीवर लाइन बिछाई जा रही है।

इस रोड पर एक लेन पर खुदाई हो रही है और दूसरी लेन पर दोनों तरफ का ट्रैफिक निकाला जा रहा है। इस कारण पहले से लगातार जाम लोगों को परेशान कर रहा है। अब जल निगम ने पुलिस-प्रशासन के लिए भी बड़ी समस्या पैदा कर दी है।

बेपरवाह होकर खोदाई करने से इस रोड पर सुरेश शर्मा नगर चौराहे से फिनिक्स मॉल तक लगे 25 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे ठप हो गए हैं। स्मार्ट सिटी के अफसरों के मुताबिक उन्होंने जल निगम को पहले ही सूचना दे दी थी कि इस रोड पर सीसीटीवी कैमरों की अंडरग्राउंड केबल है।

इस पर जल निगम के अफसरों ने यकीन दिलाया था कि वे सबकुछ देखकर काम करेंगे लेकिन इसके बावजूद अंधाधुंध ढंग से खुदाई जारी रखी। अचानक इन सीसीटीवी कैमरों के विजुअल आई ट्रिपल सी पर दिखने बंद हुए तो जांच की गई। पता चला कि जेसीबी से अंडरग्राउंड केबल कई जगह कटकर बेकार हो गई है।

प्रशासन ने मांगी तो अब नहीं दे पाएंगे सीसीटीवी फुटेज
जोगीनवादा में लगातार तनाव के हालात और सुरेशशर्मा नगर में दो बार जाम लगाए जाने की घटनाओं के बीच पीलीभीत बाईपास पर होने वाली गतिविधियों पर निगरानी पुलिस-प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण थी लेकिन जल निगम की कारस्तानी ने इस पर पानी फेर दिया है।

प्रशासन ने नगर निगम को अलर्ट भी किया था कि इस इलाके के सभी कैमरों को दुरुस्त रखा जाए लेकिन अब कहा जा रहा है कि ठप हुए ये कैमरे कई दिन तक काम नहीं कर पाएंगे। नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स ने बताया कि इस बारे में उच्चाधिकारियों को बता दिया गया है कि इस रोड पर लगे कैमरों की फुटेज अब नहीं मिल पाएगी।

यह भी पढ़ें- बरेली: झोलाछाप के इलाज से बच्ची का मानसिक संतुलन बिगड़ा, कार्रवाई की मांग

संबंधित समाचार