बरेली: डेढ़ घंटा मकरंदपुर स्टेशन पर रोकी ट्रेन, यात्रियों का हंगामा
आगे की ट्रेन के लोको पायलट को लगा जर्क तो रोकी पीछे वाली ट्रेन
फोटो- स्टेशन मास्टर कार्यालय में मौजूद ट्रेन के यात्री।
बरेली, अमृत विचार। बरेली जंक्शन से छूटने के बाद गुरुवार सुबह काशीपुर-कासगंज ट्रेन डेढ़ घंटा तक मकरंद पुर स्टेशन पर ही खड़ी रही। इस पर यात्रियों ने स्टेशन मास्टर कार्यालय में जमकर हंगामा काटा। स्टेशन पर बताया गया कि आगे रेलवे ट्रैक में दिक्कत है जिसकी वजह से ट्रेन को रोका गया, हालांकि बाद में ट्रैक दुरुस्त होने पर इसे रवाना किया गया।
रेल अधिकारियों के मुताबिक सुबह 10 बजकर 18 मिनट पर मकरंदपुर के स्टेशन मास्टर ने कंट्रोल रूम को सूचना दी कि 09075 मुंबई सेंट्रल काठगोदाम ट्रेन के लोको पायलट ने घटपुरी और मकरंदपुर के बीच रेलवे ट्रैक में जर्क महसूस किया है। जिसके बाद पटरी चटके होने की आशंका के चलते सीनियर सेक्शन इंजीनियर रेलपथ बदायूं अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोपहर करीब 11:55 बजे ट्रैक को फिट घोषित किया गया और 30 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से ट्रेन चलाने का कॉशन दिया।
जिसे दोपहर करीब 2 बजे निरस्त कर 50 किलोमीटर प्रतिघंटा कर दिया गया। इससे पहले 05335 काशीपुर कासगंज ट्रेन को मकरंदपुर स्टेशन पर ही रोके रखा गया। सूचना मिलने के बाद सांसद धर्मेंद्र कश्यप के पीआरओ राहुल कश्यप ने इज्जतनगर रेल मंडल डीआरएम रेखा यादव से बात की तो डीआरएम ने ट्रेन लेट होने का संज्ञान लिया और रेल अधिकारियों से बात कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। करीब डेढ़ घंटा स्टेशन पर खड़े रहने के बाद 1 घंटा 56 मिनट की देरी से ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।
यह भी पढ़ें- बरेली: झोलाछाप के इलाज से बच्ची का मानसिक संतुलन बिगड़ा, कार्रवाई की मांग
