बरेली: टमाटर फिर पहुंचा 250 रुपये के पार, कई सब्जियों के दामों में भी भारी उछाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

डेलापीर मंडी में नेपाल से टमाटर आना हुआ बंद, थोक में 210 रुपये किलो बिका

बरेली, अमृत विचार। टमाटर का भाव थोक मंडी में एकाएक फिर बढ़ गया है। 24 घंटे पहले जो टमाटर 180 रुपये किलो बिका था, वह बृहस्पतिवार को 200 से 210 रुपये के बीच बिका। फुटकर बाजार में टमाटर 250 रुपये प्रति किलो तक जा पहुंचा है। अदरक, हरा धनिया समेत कई सब्जियों के दाम में भी भारी उछाल आया है, इससे रसोई का बजट बिगड़ने लगा है।

आढ़तियों का कहना है कि नेपाल से तस्करी करके लाए जा रहे टमाटर पर सरकार ने सख्ती की है। इसका असर मंडी पर दिखने लगा है। आवक कम होने से बंगाल से आने वाले टमाटर के दाम फिर बढ़ गए हैं।

गृहिणियों का कहना है कि उन्होंने इससे पहले कभी 250 रुपये किलो में टमाटर खरीदकर नहीं खाया। अब आलम यह है कि आलू की सब्जी बिना टमाटर के बन रही है। इससे पहले 2018 में टमाटर की कीमतें 100 रुपये प्रति किलो तक जा पहुंची थी। इस बार कीमतें 250 रुपये के पार पहुंचने से पिछला रिकार्ड टूट गया है।

गृहिणियां बोलीं- सरकार लगाए रोक
संयुक्त परिवार होने की वजह से पहले घर में टमाटर की खपत रोजाना एक किलो के करीब थी। अब एक पाव में काम चला रहे हैं। ऐसा होने से रसोई में दो वक्त का खाना भी मुश्किल हो चला है--- राधिका कपूर, डेलापीर।

टमाटर की कीमतें आसमान छू रही है। अभी तक गैस आटा दाल, तेल की कीमतें बढ़ रही थीं। सरकार का टमाटर की बढ़ती कीमतों पर कोई ध्यान नहीं है, जबकि जमाखोर इसका भरपूर फायदा उठा रहे हैं--- रिद्धिमा, नैनीताल रोड।

टमाटर ही नहीं रसोई से जुड़े मसालों की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि हुई है। इन दिनों टमाटर और दूसरी सब्जियों की कीमतें सुनकर ही हालत खराब हो रही है। किसी तरह रसोई का खर्च चल पा रहा है--- मनीषा सिंह, सुभाषनगर।

पहली बार 200 रुपये किलो से अधिक कीमत में टमाटर खरीदना पड़ रहा है। बिना टमाटर सब्जी और दाल में स्वाद नहीं आता है। मजबूरी है इसलिए बजट के अनुसार कम मात्रा में टमाटर खरीद रहे हैं--- रेखा अग्रवाल, सिविल लाइंस।

तेजी से घट रही आवक
नेपाली टमाटर बरेली मंडी में आना पूरी तरह से बंद हो गया है। अभी बंगाल से प्रतिदिन एक ट्रक टमाटर की आवक हो रही है, जबकि पहले बंगाल समेत कई अन्य राज्यों से प्रतिदिन सात से आठ ट्रक आते थे। प्रदेश के कुछ अन्य जिलों से आने वाले टमाटर की आवक भी 60 फीसदी तक घटी है। दो से तीन महीने में टमाटर के भाव में कमी आने की उम्मीद है--- शुजाउर रहमान, डेलापीर मंडी एसोसिएशन के अध्यक्ष।

सब्जियों के दाम प्रतिकिलो
अदरक - 300 रुपये, टमाटर - 220-250 रुपये, धनिया - 200 रुपये, लहसुन -150 से 180 रुपये, नींबू - 80-100, शिमला मिर्च - 60, कटहल - 30 से 40 रुपये, आलू - 12 से 15 रुपये, हरी मिर्च - 60 से 80 रुपये, लौकी - 20 से 30 रुपये, फूल गोभी - 80 से 100 रुपये, अरबी -40 से 50 रुपये।
नोट- यह फुटकर भाव है।

यह भी पढ़ें- बरेली: झोलाछाप के इलाज से बच्ची का मानसिक संतुलन बिगड़ा, कार्रवाई की मांग

संबंधित समाचार