लोकसभा में विपक्ष का हंगामा, कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। मणिपुर के मुद्दे पर लोकसभा में विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा में आज प्रश्न काल पूरा नहीं चल पाया और सदन की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी। पूर्वाह्न 11 बजे सदन समवेत होने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रश्नकाल आरंभ करने की घोषणा की। इस बीच विपक्षी सदस्यों ने मणिपुर के मुद्दे पर हंगामा शुरू कर दिया।

संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि गुरुवार को विपक्ष के सदस्यों ने सदन चलाया क्योंकि कल उनके लिए महत्वपूर्ण विधेयक आया था। उन्होंने कहा कि आज का विधेयक भी महत्वपूर्ण है। विपक्षी सदस्य सदन चलने दें। सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। संसदीय कार्य मंत्री की बात का कोई असर नहीं पड़ा और नारेबाजी तेज हो गई। 

इस बीच शोरगुल के बीच स्वास्थ्य राज्यमंत्री भारती पंवार और रसायन एवं उर्वरक राज्यमंत्री भगवंत खूबा ने अपने अपने मंत्रालय से संबंधित प्रश्नों के उत्तर दिये। जब नारेबाजी और शोरगुल जारी रहा तो अध्यक्ष ने पुनः अपील की कि विपक्षी सदस्य अपने स्थान पर बैठें और प्रश्नकाल चलने दें। लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ। इसके बाद अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी। 

यह भी पढ़ें- कांग्रेस अध्यक्ष ने पीएम मोदी पर कसा तंज, कहा- पिछले पांच सालों में संगठित क्षेत्र में सिर्फ 12.2 लाख नई नौकरियों का हुआ सृजन

संबंधित समाचार