Kanpur News: मैंने विधायक इरफान सोलंकी को प्लाट पर आगजनी करते हुए देखा था, पहले चश्मदीद गवाह के दर्ज हुए बयान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में सपा विधायक के मुकदमे में पहले चश्मदीद गवाह के बयान दर्ज हुए।

कानपुर में सपा विधायक के मुकदमे में पहले चश्मदीद गवाह के बयान दर्ज हुए। गवाह ने बताया कि मैंने विधायक इरफान सोलंकी को प्लाट पर आगजनी करते हुए देखा था।

कानपुर, अमृत विचार। मैंने सपा विधायक इरफान सोलंकी समेत सभी आरोपी को प्लाट पर आगजनी करते हुए देखा था। यह बयान गुरुवार को सपा विधायक इरफान सोलंकी के आगजनी के मुकदमे में चश्मदीद गवाह अदालत में पेश होकर दिया। उसकी गवाही पूरी हो गई है। बचाव पक्ष ने जिरह के लिए तैयारी करने और हाईकोर्ट में अपील दाखिल करने का हवाला देकर पंद्रह दिन का समय दिए जाने की मांग की, लेकिन अदालत ने शुक्रवार की तारीख लगा दी।

विधायक इरफान सोलंकी और उनके साथियों पर दर्ज आगजनी मुकदमे की सुनवाई एमपीएमएलए की सेशन अदालत में हो रही हैं। इसमें चश्मदीद गवाह को पेश कराने के लिए पिछले एक महीने से बहस चल रही थी। बता दें कि पुलिस ने इस मुकदमे में दो चार्जशीट दाखिल की है। दूसरी चार्जशीट में पुलिस ने दो चश्मदीद को गवाह बनाया हैं। अभियोजन पक्ष इनकी गवाही कराना चाहता था, लेकिन बचाव पक्ष ने आपत्ति दर्ज की थी।

इसमें बहस को सुनने के बाद अदालत ने चश्मदीद गवाह को तलब किया था। चश्मदीद गवाह विष्णु कुमार सैनी ने अदालत में पेश होकर बयान दर्ज कराए। उसने कहा कि मैंने आरोपियों को प्लाट में आगजनी करते हुए देखा था। उसके बयान दर्ज होने के बाद बचाव पक्ष को जिरह करनी थी, लेकिन बचाव पक्ष ने तैयारी न होने का हवाला देकर जिरह नहीं की।

बचाव पक्ष के अधिवक्ता सईद नकवी और करीम अहमद सिद्दीकी ने हवाला दिया कि उनको एक दिन पहले ही गवाहों के बयान की नकल मिली है। इसलिए वे लोग जिरह की तैयारी नहीं कर पाए हैं। साथ ही उनको हाईकोर्ट में अपील दाखिल करनी है। इसलिए उनको पंद्रह दिन का समय दिया जाना चाहिए, लेकिन अदालत ने जिरह के लिए शुक्रवार की तारीख लगा दी।

गैंगस्टर मामले में 14 अगस्त को होगी सुनवाई

एमपीएमएलए अदालत में सपा विधायक इरफान सोलंकी पर दर्ज गैंगस्टर के मुकदमे की सुनवाई है। विधायक के अधिवक्ता शिवाकांत दीक्षित ने चार्जशीट की पूरी नकल न मिलने का हवाला दिया। इस पर अदालत ने उनसे पूछा कि कौन कौन से पन्ने की नकल नहीं मिली है, यह बताएं। इस पर अधिवक्ता के समय मांगने पर अदालत ने 14 अगस्त की तारीख लगा दी। वहीं, आगजनी मामले में अन्य आरोपियों की सुनवाई भी 14 अगस्त को होगी।

संबंधित समाचार