हरदोई : 20 घंटे बाद भी किशोर का नहीं लगा सुराग, ग्रामीणों ने लगाया जाम
हरदोई, अमृत विचार। दोस्तों के साथ शारदा नहर में नहाने गया किशोर पानी के तेज बहाव में डूब गया। पुलिस ग्रामीणों की मदद से सर्च आपरेशन शुरू कर उसकी तलाश में जुट गई। लेकिन 20 घंटे के बिना भी उसका कोई सुराग नहीं लग सका। इसी से गुस्साए ग्रामीण पुलिस के सिर नाकामी का ठीकरा फोड़ते हुए सड़क पर आ गए। उन्होंने सड़क पर जाम लगा दिया। खबर लिखे जाने तक ग्रामीण वहीं डटे हुए थे।
बताते चलें कि गुरुवार की शाम को सुरसा थाने के कमरौली निवासी पप्पू शुक्ला का पुत्र शानू शुक्ला अपने कुछ दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ शारदा नहर के मझिला पुल पर नहाने गया हुआ था। नहाने के दौरान शानू नहर में पानी के तेज बहाव में डूब गया। हालांकि उसके दोस्तों और रिश्तेदार उसे बचाने के लिए नहर में कूद पड़े। लेकिन पानी के तेज बहाव में उसका कुछ पता नहीं चल सका। इसका पता होते ही वहां पहुंचें एसएचओ सुरसा धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर पुलिस जवानों ने ग्रामीणों के साथ किशोर की तलाश शुरू कर दी। साथ ही शारदा नहर में सर्च आपरेशन शुरू किया गया।
करीब 20 घंटे तक चलाए गए सर्च आपरेशन के बाद भी शानू का कुछ सुराग नही लगा। इसी से गुस्साए ग्रामीण पुलिस के सिर नाकामी का ठीकरा फोड़ते हुए सड़क पर आ गए और वहां जाम लगा दिया। हालांकि पुलिस का कहना है कि किशोर की तलाश के लिए किसी भी तरह की कोई लापरवाही नहीं बरती जा रही है। सर्च आपरेशन में गोताखोरों को लगाया गया है।
ये भी पढ़ें -लखनऊ : राहुल गांधी की सजा पर रोक के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता मना रहे जश्न, कहा- अन्याय के खिलाफ बड़ी जीत
