अयोध्या : आई फ्लू के चलते एडवाइजरी जारी, ग्रसित बच्चों को न भेजे स्कूल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। तेजी से फैलते आई फ्लू को लेकर अब जिला स्तर पर एडवायजरी जारी की गई है। बेसिक शिक्षा विभाग और निजी स्कूलों की ओर से आई फ्लू से ग्रसित बच्चों को स्कूल न भेजने की अपील की है। इसके अलावा परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को साफ-सफाई और बच्चों की निगरानी के लिए निर्देश दिया गया है।
   
जिले में आई फ्लू का प्रकोप तेजी के साथ बढ़ रहा है। इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से एडवाइजरी पहले ही जारी की जा चुकी है। अब बेसिक शिक्षा विभाग और निजी स्कूलों की ओर से एहतियात बरती जा रही है। बताया जाता है कि आई फ्लू के चलते परिषदीय विद्यालयों में रोजाना तीन से चार बच्चे इससे ग्रसित पाए जा रहे हैं। इसके अलावा शिक्षक भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। जिसे देखते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार राय की ओर से निर्देश जारी किया गया है। 

जारी निर्देश के तहत स्कूलों की वृहद स्तर पर साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, और निरन्तर मानीटरिंग के लिए कहा गया है। निर्देश दिए गए हैं कि यदि कोई बच्चा आई फ्लू से ग्रस्त है तो अभिभावकों से उन्हें स्कूल न भेजने का अनुरोध किया जाए इसके अलावा संबधित सीएचसी और पीएचसी से संपर्क कर अधिक से अधिक बच्चों का परीक्षण कराया जाए और निर्धारित दवाएं आई ड्राप आदि रखे जाएं। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि फिलहाल बहुतायत की संख्या में बच्चों के ग्रसित होने की रिपोर्ट नहीं है लेकिन औसतन चार से पांच बच्चे आई फ्लू से ग्रस्त पाए जा रहे हैं। 

उन्होंने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारियों को कहा गया है नियमित रूप से स्कूलों का दौरा कर स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन कराएं। वहीं अब निजी स्कूलों ने भी सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। निजी स्कूलों द्वारा अभिभावकों को मैसेज भेजा जा रहा है कि यदि उनका बच्चा आई फ्लू से ग्रस्त है तो उसके ठीक होने तक स्कूल न भेजे। इससे अन्य बच्चों के भी प्रभावित होने का खतरा रहता है।

ये भी पढ़ें -मोदी सरनेम मामला : सुप्रीम फैसले को कांग्रेसियों ने बताया नफरत पर मोहब्बत की जीत

संबंधित समाचार