संकट : प्रयागराज में अब तो लोग पूछते हैं बिजली कब आएगी 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिजली की अघोषित कटौती से किसान परेशान, गावों में बिजली को तरस रहे लोग 

बारा/नैनी/ प्रयागराज, अमृत विचार। बिजली की अघोषित कटौती से सैंकड़ों गावों की विद्युत आपूर्ति चरमरा गयी है। इससे किसान सहित ग्रामीणों का जीना दुश्वार हो गया है। पीने के पानी एवं खेतों में धान की रोपाई भी प्रभावित हो गयी है। एक सप्ताह से लालापुर, भीटा एवं गौहनिया उपकेंद्र से जुड़े तरहार के सैंकड़ों गावों में विद्युत आपूर्ति बद से बदतर हो गयी है। आपूर्ति का कोई समय नहीं है। इन उपकेंद्रो से बीस घंटे की बजाय आठ घंटे भी बिजली नसीब नहीं हो रही है। 

चिल्ला के श्यामा कांत मिश्र, मुकेश मिश्र, सुनील यादव, बसहरा के बलबीर सिंह, भूषण सिंह, छतहरा के विकाश सिंह, सोनौरी के राजू सिंह, गोबरा के अमित मिश्र, नगरवार के राम गणेश पाठक, जगदीशपुर के लाल साहब, मानपुर के मनोज सिंह, सुजौना के राजू यादव व जिला पंचायत सदस्य ब्रिजेश यादव ने बताया की एक माह से बिजली व्यवस्था पूरी तरह से पटरी से उतर चुकी है। साथ ही लो वोल्टेज के कारण क्षेत्र के ट्यूबेलों से पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इससे तरहार की किसानी भी इस बार पूरी तरह से चौपट हो जाएगी। ग्रामीणों ने बताया की कई बार विभागीय अधिकारियों सहित आलाधिकारियों को शिकायती पत्र देकर समस्या के बारे में बताया गया परंतु कोई कार्रवाई नहीं हुई।

लो वोल्टेज का कारण बन रहे पुराने उपकरण, नए कनेक्शन
भीटा, लालापुर और गौहनिया उपकेंद्र से जुड़े तरहार इलाके के ज़्यादातर गावों में आज भी पुराने जर्जर तार व ट्रांसफार्मर के सहारे विद्युत आपूर्ति की जा रही है। पुराने कनेक्शन के उपकरणों में नए कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं का भार जोड़ दिया गया, जिससे क्षमता से ज़्यादा भार  होने के कारण आए दिन फाल्ट बना रहता है। इससे सप्लाई भी बाधित रहती है। इस सम्बंध में विद्युत विभाग के जेई व एसडीओ से संपर्क किया गया परंतु किसी ने समाधान की जानकारी नहीं दी। अधिकारियों का कहना है कि सप्लाई बराबर दी जा रही है। फाल्ट होने पर ही सप्लाई कुछ देर के लिए बाधित होती है।

ये भी पढ़ें -सुल्तानपुर के सेमरी में गोवंशों के कटे सिर मिलने से मचा हड़कंप, पुलिस छावनी में बदला कस्बा

संबंधित समाचार