हल्द्वानी: वन भूमि, सड़कों पर अतिक्रमण की सूची 10 अगस्त तक दें अधिकारी
डीएम ने हाईकोर्ट के निर्देशों के क्रम में अतिक्रमण हटाने की जिला टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
हल्द्वानी, अमृत विचार। डीएम वंदना सिंह ने शुक्रवार को नैनीताल रोड स्थित कैंप कार्यालय में हाईकोर्ट के वन भूमि और सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने संबंधी दायर याचिका के अनुपालन में अतिक्रमण हटाने के लिए जिला टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक की। इसमें डीएफओ, एसडीएम, लोनिवि, एनएचएआई अधिकारी शामिल रहे।
डीएम ने सभी को 10 अगस्त तक जिले के सभी स्टेट हाईवे, नेशनल हाईवे, लोनिवि, शहर के आंतरिक मार्गों, सड़कों के किनारे वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण के चिन्हिकरण कर सूची बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त तक सड़क किनारे, वनभूमि पर छोटे व मध्यम स्तर के अवैध अतिक्रमण संबंधित अधिकारी स्वयं ध्वस्त कर दें।
जो बड़े अतिक्रमण है, नियमानुसार नोटिस जारी कर हटाया जाए। डीएम ने नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय एवं सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह को निर्देश दिए कि शहर की जिन दुकानों के आगे रेहड़ी, फड़ या अन्य ढंग से अतिक्रमण है, इस बारे में संबंधित दुकानदारों एव व्यापार मंडलों के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर हटाया जाए।
