संभल: कच्चा मकान गिरा, हादसे के वक्त बरामदे में बैठा था परिवार
मलबे में दब कर सामान खराब हो गया
संभल/चन्दौसी/कुढ़फतेहगढ़, अमृत विचार। तहसील चन्दौसी के थाना कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव रीठ में शनिवार की दोपहर कच्चा मकान भरभरा कर ढह गया। गनीमत रही बड़ा हादसा टल गया। हादसे के वक्त परिवार के सदस्य बरामदे में थे। मलबे में दब कर सामान खराब हो गया। करीब एक लाख अधिक का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।इसी के साथ पीड़ित का आशियाना उजड़ गया। पीड़ित व ग्रामीणों ने सरकारी आवास दिलाने की मांग की है।
गांव रीठ निवासी नेकपाल पुत्र मोहन लाल पाल परिवार के साथ मिट्टी से बने कच्चे मकान में रह रहा है। शनिवार दोपहर परिवार के सदस्य कमरे के बाहर बरामदे में बैठे थे। कुछ बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। उसी समय मकान की एक दीवार अचानक आंगन में जा गिरी। इसके बाद कमरे की छत और फिर दीवारें ढह गईं। गनीमत रही हादसे के वक्त नेकपाल का परिवार बरामदे में था। धमाके की आवाज सुन कर बरामदे में बैठा परिवार दौड़ कर घर से बाहर आ गया।
आसपास के ग्रामीण दौड़ कर मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने में जुट गए। मलबे में दबकर घरेलू सामान बर्तन ,चारपाई, संदूक, डबल बेड, कपड़े, अनाज आदि सामान खराब हो गया। मकान स्वामी नेकपाल का कहना है कि करीब एक लाख से अधिक का नुकसान हुआ है। साथ ही परिवार खुले में रहने को मजबूर है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को सरकारी आवास दिलाने की मांग की है।
ये भी पढ़ें:- संभल: मिश्रित दूध, बर्फी सहित मिलावट के 30 मामलों में 12 लाख से अधिक का जुर्माना
