दक्षिण भारत के लिए ट्रेन चलाने का भेजा प्रस्ताव, लालकुआं से बेंगलुरू तक बरेली होते हुए गुजरेगी
लालकुआं से बेंगलुरू तक बरेली होते हुए चलेगी ट्रेन
बरेली, अमृत विचार। दक्षिण भारत के लिए ट्रेन चलाने की लंबे समय से मांग अब पूरी होती दिखाई दे रही है। इज्जतनगर रेल मंडल प्रशासन ने दक्षिण भारत के लिए ट्रेन चलाने का प्रस्ताव तैयार किया है। इसके अलावा कई अन्य रूटों पर भी नई ट्रेनें चलाने के प्रस्ताव तैयार किया गया है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद संतोष गंगवार कई बार सांसद बैठक में दक्षिण भारत के लिए ट्रेन चलाने की मांग कई बार उठा चुके थे। इसके अलावा तमाम यात्री भी कई अन्य ट्रेनें चलाने की मांग कर रहे थे। अधिकारियों का कहना है कि इज्जतनगर रेल मंडल के लालकुआं स्टेशन से बेंगलुरू के यशवंतपुर स्टेशन के लिए ट्रेन चलाने का प्रस्ताव है।
लालकुआं, बरेली, बदायूं, कासगंज, हाथरस, मथुरा और भरतपुर के रास्ते इस ट्रेन को चलाने की मंजूरी मांगी गई है। किसी भी ट्रेन को चलाने के लिए सबसे पहले जिस मंडल से होकर ट्रेन गुजरती है, उन मंडलों से भी रास्ते की उपलब्धता के आधार पर मंजूरी प्राप्त होती है। अमृत विचार ने बीते दिनों दक्षिण भारत के लिए ट्रेन चलाने का मुद्दा प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
दक्षिण भारत के लिए ट्रेन का प्रस्ताव अच्छी पहल
रेलवे को दक्षिण भारत के लिए ट्रेन चलाने को लगातार पत्र लिखने वाले नजमुल रहमान कहते हैं कि प्रस्ताव एक अच्छी पहल है। उन्होंने सुझाव दिया कि लखनऊ-चेन्नई ट्रेन को बरेली होकर काठगोदाम तक बढ़ाया जा सकता है।
फर्रुखाबाद के लिये भी ट्रेन चलाने का प्रस्ताव
बरेली से फर्रुखाबाद के लिए फिलहाल कोई ट्रेन नहीं है। हाल में इज्जतनगर से वापी के बीच समर स्पेशल ट्रेन चलाई गई थी, लेकिन इसे भी बंद करना पड़ा। अब इज्जतनगर रेल प्रशासन ने 14119 के रैक से काठगोदाम से बरेली, कासगंज, फर्रुखाबाद के बीच ट्रेन चलाने के लिए भी प्रस्ताव भेजा है।
लालकुआं से बेंगलुरू के यशवंतपुर के बीच ट्रेन चलाने का प्रस्ताव भेजा गया है। अगर मंजूरी मिलती है तो ट्रेन का संचालन शुरू किया जायेगा---रेखा यादव, डीआरएम, इज्जतनगर रेल मंडल।
यह भी पढ़ें- बरेली: कैशलेस काो बढ़ावा...युवाओं के जीरो बैलेंस पर बैंक खोलेंगे खाता, जानिए डिटेल्स
