बरेली: 18 सितंबर तक रहेगी स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक
बरेली,अमृत विचार। लगातार बढ़े हुए बिजली बिल और मुख्यालय से आई तकनीकी खराबी की शिकायत के बाद शासन ने 15 दिनों के लिए स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक लगा दी थी। नए आदेश के तहत अब 18 सितंबर के बाद ही कोई फैसला लिया जाएगा। हालांकि जो मीटर उपभोक्ताओं के घरों पर लगे हुए हैं, …
बरेली,अमृत विचार। लगातार बढ़े हुए बिजली बिल और मुख्यालय से आई तकनीकी खराबी की शिकायत के बाद शासन ने 15 दिनों के लिए स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक लगा दी थी। नए आदेश के तहत अब 18 सितंबर के बाद ही कोई फैसला लिया जाएगा। हालांकि जो मीटर उपभोक्ताओं के घरों पर लगे हुए हैं, उनमे तकनीकी खराबी आने पर विभाग उसे सही कराएगा।
बिजली चोरी रोकने के लिए शासन ने प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाने का काम शुरू किया था। जिसके तहत जिले में पहले और चौथे खंड में स्मार्ट मीटर लगने का काम शुरू किया गया था। 22 मार्च तक जिले में करीब 54 हजार स्मार्ट मीटर लगाए गए थे। पिछले दिनों लखनऊ मुख्यालय से आई तकनीकी खराबी के चलते मेरठ, लखनऊ, गोरखपुर, बरेली वाराणसी समेत कई जिलों में जिन घरों में स्मार्ट मीटर लगे थे। उन घरों की बिजली गुल हो गई थी। जिसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले की जांच के लिए एसटीएफ का गठन किया था।
उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एम देवराज ने 15 दिन के लिए प्रदेश भर में स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक लगा दी थी। अब नए आदेश के बाद उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर की सुविधा के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा।
“स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक को 18 सितंबर तक बढ़ा दिया गया है। मुख्यालय के आदेश के बारे में मीटर लगाने वाली कंपनी व अन्य को अवगत करा दिया गया है। 18 सितंबर तक पूरे जिले में सिर्फ इलेक्ट्रिक मीटर लगाने का ही काम होगा।” -कर्म सिंह, अधीक्षण अभियंता
