नैनीताल: कोतवाली के सामने पत्नी को पीटा, पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नैनीताल, अमृत विचार। मल्लीताल क्षेत्र निवासी एक युवक ने पत्नी को पीट दिया। शिकायत लेकर पत्नी कोतवाली पहुंच गई। पुलिस के बुलाने पर पति कोतवाली पहुंचा जहां पत्नी को बाहर खड़ा देख उसने बीच सड़क उसकी पिटाई कर दी। भारी हंगामे के बाद पुलिसकर्मी और राहगीर युवक को रोकने पहुंचे तो वह फरार हो गया। मगर पुलिस ने पीछा कर युवक को दबोच लिया। पत्नी की शिकायत पर पति के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। 

मल्लीताल निवासी हुमेरा सिद्दीकि ने कोतवाली में तहरीर देकर कहा कि उसका विवाह 15 वर्ष पूर्व जय लाल साह बाजार मल्लीताल निवासी मोनिस जलाल के साथ हुआ था। जो अक्सर उसके साथ मारपीट करता रहता है। शनिवार दोपहर व छत पर कपड़े सुखाने को डाल रही थी। इसी बीच पहुंचा पति बिना बात मारपीट करने लगा।

विरोध पर पति ने उसे जान से मारने के इरादे से छत से धक्का दे दिया। जहां लगी ग्रिल को पकड़कर किसी तरह खुद को गिरने से बचाया। शिकायती पत्र देने के बाद पुलिस ने महिला के पति को कोतवाली बुलाया। जहां वह कोतवाली के बाहर खड़ी थी। इसी बीच पति पहुंचा और उसने पत्नी की बीच सड़क पिटाई शुरू कर दी।

यह देख लोगों की भीड़ भी जमा हो गए। लोगों ने महिला को बचाने को प्रयास किया, मगर पति लोगों से भी उलझने लगा। सड़क पर शोरगुल सुन कोतवाली कर्मी मौके पर पहुंचे। एसएसआई दीपक बिष्ट ने बताया कि महिला की तहरीर पर मोनीस जलाल के विरुद्ध जांच शुरू कर दी है। 

संबंधित समाचार