आगरा में बड़ा हादसा: भरभराकर गिरी शिव मंदिर की छत, एक बालिका की मौत, कई दबे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आगरा। उत्तर प्रदेश में आगर शहर के शाहगंज क्षेत्र में सोमवार सुबह एक शिव मंदिर के बरामदे की छत गिर गई।
इस हादसे में एक श्रद्धालु युवती की मौत हो गई जबकि मलबे में करीब आठ श्रद्धालु दब गए। सूचना पर पुलिस और रेस्क्यू की टीम ने मलबे से सात लोगों को अब तक निकाल लिया है। इनमें एक की हालत गंभीर है। हादसा शाहगंज में राधे वाली गली के शिव मंदिर का है। सावन का सोमवार होने के चलते मंदिर में कांवड़ चढ़ाई जा रही थी।

मोहल्ले के कुछ युवक पहली बार डाक कांवड़ लेकर आए थे। सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ थी। तभी अचानक मंदिर परिसर की छत गिर गई। मंदिर में भगदड़ मच गई। मलबे के नीचे ज्यादातर महिलाएं दब गई थीं। स्थानीय लोगों ने उन्हें निकाला।एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि सुबह सात बजे करीब मंदिर में कांवड़ चढ़ाई गई। उस समय मंदिर करीब 500 लोग थे। प्रसाद वितरण के बाद लोग जाने लगे मगर कुछ महिलाएं वहीं खड़ी रहीं कि तभी छत गिर गई। शिव मंदिर काफी पुराना है, शहर में पिछले कई दिनों से बारिश हो रही है। इसके चलते, कच्ची छत कमजोर हो गई थी और वह गिर पड़ी।

पुलिस के मुताबिक, मलबे से निकाले गए सभी लोगों को अस्पताल ले जाया गया। वहां एक युवती ज्योति की मौत हो गई।
उसकी मां ओमवती की हालत गंभीर है। अन्य घायलों में ओमश्री, रानी, पूनम, ओमवती, केशू, मिथिलेश आदि हैं।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दो मिनट पहले अगर हादसा होता तो ज्यादा नुकसान होता। दो मिनट पहले छत के नीचे 50 से ज्यादा लोग खड़े थे।

ये भी पढ़ें - लखनऊ : डिलीवरी ब्वॉय से मोबाइल हड़प, उच्चका फरार

संबंधित समाचार