यूपी मानसून सत्र : सपा विधायक ने गले में टमाटर की माला डालकर महंगाई के खिलाफ जताया विरोध

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की विधानसभा का मानसून सत्र आज से शुरू हो गया है। जहां एक तरफ विपक्ष ने अलग-अलग मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी की है वहीं सत्ता पक्ष ने भी विपक्षी दलों का जवाब देने की रणनीति बनाई है। बता दें कि समाजवादी पार्टी ने पहले ही तय कर लिया था कि महंगाई और मणिपुर हिंसा के मामले को लेकर मानसून सत्र में मुद्दा उठाएगी।

बता दें कि मानसून सत्र को लेकर विधान सभा पर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए है। भारी संख्या में पुलिस बल, पीएसी के साथ कमांडो तैनात किए गए हैं। वहीं मानसून सत्र के पहले दिन समाजवादी पार्टी के विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा टमाटर की माला पहनकर साइकिल से विधानसभा पहुंचे। 

इस दौरान एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने टमाटर के लगातार बढ़ते दामों को लेकर योगी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। इससे आम लोगों के लिए अपना घर चलाना मुश्किल हो गया है। इस समय खुदरा बाजार में टमाटर के दाम 200 से प्रति किलो से भी ज्यादा हो गए हैं। 

वहीं भदोही से सपा विधायक ज़ाहिद बेग गले में टमाटर की माला और सीने और पीठ पर मणिपुर हिंसा का पोस्टर लगाकर साइकिल से विधानसभा पहुंचे। उन्होंने मणिपुर हिंसा को लेकर बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। इसके अलावा सत्र शुरू होने से पहले समाजवादी पार्टी के विधायकों ने विधानभवन के सामने चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के सामने भी प्रदर्शन किया। 

इसके बाद सत्र शुरू होने के बाद मणिपुर हिंसा को लेकर अखिलेश यादव और उनके विधायकों ने जमकर हंगामा किया। विधायक ज़ाहिद बेग ने कहा कि मणिपुर जल रहा है। महंगाई चरम सीमा पर है। टमाटर का दाम 300, अदरक का 300 और लहसुन का 250 हो गया है। बिजली महंगी है किसान परेशान है और भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है।

 मुख्यमंत्री जनता की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। आज आम जनता बहुत त्रस्त है। गरीब इंसान परेशान है और किसान बिजली को लेकर परेशान है। मणिपुर में जिस तरह से घटना घटी है प्रधानमंत्री जी सो रहे हैं। आज हम लोग विधानसभा में हर हाल में निंदा प्रस्ताव यहां से पास कराकर भेजेंगे।

वहीं चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन करते हुए स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि आज लघु मध्यम व्यापारियों को परेशान किया जा रहा है। जीएसटी को ईडी को सौंपकर व्यापारियों की कमर तोड़ी जा रही है। इसके अलावा बड़े पैमाने पर लोकतंत्र को कुचलने के लिए विपक्षियों नेताओं के खिलाफ सीबीआई, ईडी और इनकम टैक्स का दुरुपयोग किया जा रहा है। इन सारे मुद्दो को लेकर विधानमंडल में उठाया जाएगा।

यह भी पढ़ें:-सरकार सदन में हर सवाल का जवाब देने को तैयार, सत्र से पहले बोले मुख्यमंत्री योगी

संबंधित समाचार