हरदोई: एसडीएम सवायजपुर के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज, जानें पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई। एसडीएम सवायजपुर ने तहसीलदार रहते हुए फर्ज़ी विरासत पर की गई आपत्ति को खारिज कर फर्ज़ीवाड़ा करने वालों को और बढ़ावा दी। मामला सीजेएम कोर्ट पहुंचा, जहां किया गया फर्ज़ीवाड़ा बे-नकाब हो गया। कोर्ट के आदेश पर एसडीएम सवायजपुर डा.अरुणिमा श्रीवास्तव समेत 8 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी करने का केस दर्ज किया गया है।

बताया गया है कि पाली थाने के भाहपुर निवासी श्रीकृष्ण उर्फ श्रीकिशन पुत्र ज़ालिम ने एसीजेएम कोर्ट में दाखिल की अर्ज़ी में कहा था कि उसके भाई रमेश की शादी नहीं हुई थी, उसकी मौत हो चुकी है। इसके बावजूद उसके सगे भतीजे जगतराम उर्फ जगतपाल पुत्र सुरेश उर्फ सुरेश चन्द्र खुद को उसका पुत्र बताते हुए फर्ज़ी विरासत करा ली। 

सारे फर्ज़ीवाड़े में जगतराम उर्फ जगतपाल के पिता सुरेश उर्फ सुरेश चन्द्र के अलावा उसकी पत्नी नीलम देवी,कमलेश पुत्र हरीश चन्द्र, महेन्द्र पुत्र बिहारी, तत्कालीन तहसीलदार सवायजपुर एवं वर्तमान एसडीएम सवायजपुर डा.अरुणिमा श्रीवास्तव,बीआर अंबेडकर पूर्व माध्यमिक विद्यालय अहमदपुर के प्रधानाचार्य और प्राथमिक विद्यालय भाहपुर के प्रधानाध्यापक अखिलेश कुमार पूरी तरह से शामिल रहे। 

श्रीकृष्ण उर्फ श्रीकिशन का कहना है कि उसने फर्ज़ी विरासत बनाए जाने पर आपत्ति दाखिल की,जिसे तत्कालीन तहसीलदार डा.अरुणिमा श्रीवास्तव ने खारिज कर दिया था। इस मामले में बीआर अंबेडकर पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य और प्राथमिक विद्यालय भाहपुर के प्रधानाध्यापक ने फर्ज़ी दस्तावेज़ तैयार किए थे। 

कोर्ट ने दाखिल किए गए दस्तावेज़ पर गौर करते हुए और दी गई दलीलों को सुनने के बाद तत्कालीन तहसीलदार एवं वर्तमान एसडीएम सवायजपुर डा.अरुणिमा श्रीवास्तव समेत 8 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किए जाने का आदेश दिया था। कोर्ट के आदेश पर पाली पुलिस ने एसडीएम समेत आठों लोगों के खिलाफ धारा 419/420/467/468/471 के तहत केस दर्ज किया है।

इंस्पेक्टर वासुदेव यादव को सौंपी गई जांच
हरदोई। इंस्पेक्टर वासुदेव यादव को एसडीएम सवायजपुर डा.अरुणिमा श्रीवास्तव के अलावा प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक अखिलेश कुमार,बीआर अंबेडकर पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य और जगतराम उर्फ जगतपाल, सुरेश उर्फ सुरेश चन्द्र, कमलेश, महेंद्र व नीलम देवी के खिलाफ दर्ज हुए केस की जांच सौंपी गई है।

यह भी पढ़ें:-अयोध्या: काशीराम कॉलोनी से हुई टीकाकरण अभियान का शुरुआत

संबंधित समाचार