प्रयागराज : स्थानांतरण के विरोध में काली पट्टी बांध न्यायिक कार्य करेंगे अधिवक्तागण
अमृत विचार, प्रयागराज । हाईकोर्ट बार एसोसिएशन, इलाहाबाद की कार्यकारिणी की आपात बैठक में सर्वसम्मति से न्यायमूर्तिगण के स्थानांतरण का विरोध करने का निर्णय लिया गया है। इलाहाबाद हाईकोर्ट से एक साथ चार माननीय न्यायमूर्तिगण का स्थानांतरण कर दिया गया, जबकि हाईकोर्ट में लंबित व विचाराधीन मुकदमों की संख्या असीमित है।
यह निर्णय हाईकोर्ट के प्रति दुर्भावना पूर्ण है तथा उच्च न्यायालय को अव्यवस्थित करने का कुत्सित प्रयास है। उच्च न्यायालय में न्यायमूर्तिगण की 160 संख्या मान्य है, जबकि वर्तमान में मात्र 93 न्यायमूर्ति ही कार्यरत हैं।
ऐसी स्थिति में न्यायमूर्ति सूर्य प्रकाश केसरवानी, न्यायमूर्ति प्रकाश पाडिया, न्यायमूर्ति विवेक कुमार सिंह और न्यायमूर्ति राजेंद्र कुमार (चतुर्थ) का स्थानांतरण किसी भी प्रकार से उचित नहीं माना जा सकता है, इसीलिए इस स्थानांतरण का विरोध करते हुए सभी अधिवक्तागण अपनी-अपनी बाजुओं पर काली पट्टी बांधकर दिनांक 8 अगस्त 2023 से लगातार सात दिनों तक न्यायिक कार्य करेंगे, जिससे भविष्य में ऐसे निर्णय न लिए जाएं और वर्तमान स्थानांतरण का निर्णय तत्काल वापस लिया जाए।
उक्त बैठक 7 अगस्त 2023 को हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के ओल्ड स्टडी रूम में अशोक कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का संचालन महासचिव नितिन शर्मा ने किया। उक्त बैठक में कार्यकारिणी के सभी महत्वपूर्ण सदस्य उपस्थित थे।
ये भी पढ़ें - प्रयागराज : मथुरा की शाही ईदगाह मस्जिद का एएसआई सर्वेक्षण कराने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई आगामी 23 अगस्त को
