मुरादाबाद : 9 लाख तिरंगा फहराने के लक्ष्य को पूरा करने पर जोर, 25 रुपये में डाकघर दे रहा राष्ट्रीय ध्वज
हर घर तिरंगा अभियान : नगर निगम, पंचायती राज सहित अन्य विभागों को भी दिया गया है हर घर तिरंगा फहराने का लक्ष्य
मुरादाबाद, अमृत विचार। आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत इस बार जिले में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां जोरों पर चल रही है। हर घर तिरंगा अभियान में जिले के 9 लाख घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा गया है। विभागों को मिले लक्ष्य हासिल करने में अधिकारी-कर्मचारी जोर दे रहे हैं। नगर निगम को 4 लाख तिरंगा फहराने का लक्ष्य मिला है। अपर नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त आदि इसे पूरा कराने में
लगे हैं।
13-15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलेगा। इसमें जिलाधिकारी के स्तर से विभागों को लक्ष्य देकर हर हाल में 9 लाख तिरंगा फहराने के लिए कहा गया है। नगर निगम को 4 लाख, पंचायती राज विभाग को 5 लाख लक्ष्य मिला है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए विभाग के अधिकारी स्वयंसेवी संगठनों और सामाजिक संस्थाओं से भी सहयोग मांग रहे हैं। सरकारी, निजी और सामाजिक संस्थाओं के कार्यालयों पर भी तिरंगा फहराया जाएगा। तीन दिन में सभी घरों पर तिरंगा फहराने के लिए कर्मचारियों को पूरी तरह सक्रिय रहने का निर्देश अधिकारियों ने दिया है।
जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मनेगा। हर घर तिरंगा अभियान को सभी को मिलकर सफल बनाना है। अपने देश की आन, बान, शान को ऊंचा रखने में हमें पूरी सक्रियता दिखानी चाहिए।
25 रुपये में डाकघर दे रहा राष्ट्रीय ध्वज
मुरादाबाद। स्वतंत्रता दिवस पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत डाक विभाग राष्ट्रीय ध्वज की बिक्री कर रहा है। इसे 25 रुपये में डाकघर के काउंटरों से खरीदा जा सकता है। प्रधान डाकघर के अलावा अमरोहा, रामपुर, संभल, चंदौसी, बिलासपुर, मिलक हसनपुर, कांठ, मूंढापांडे, बिलारी, कचहरी, पीटीसी मंझोला, कटघर, ठाकुरद्वारा आदि डाकघरों पर राष्ट्रीय ध्वज मिलेगा। प्रवर अधीक्षक डाक मंडल वीर सिंह का कहना है कि विभाग की ओर से राष्ट्रीय ध्वज का मूल्य 25 रुपये रखा गया है। इसका आकार 20 इंच गुणे 30 इंच निर्धारित किया गया है। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस पर नागरिकों में देशभक्ति की भावना जगाना है।
मेरी माटी-मेरा देश अभियान की शुरुआत
मुरादाबाद। आजादी के अमृत महोत्सव के क्रम में मेरी माटी-मेरा देश अभियान की शुरुआत की गई है। जिले में 9 लाख तिरंगे झंडे घरों, प्रतिष्ठानों पर लगाकर आजादी का जश्न मनाया जाएगा। इसके लिए जिलाधिकारी ने 36 विभागों को अभियान की जिम्मेदारी सौंपी है। स्वतंत्रता दिवस पर आजादी के जश्न को खास अंदाज में मनाने की तैयारी जिले में शुरू हो गई है। 10 अगस्त तक झंडे विकास भवन में उपलब्ध कराए जाएंगे।
13 से 15 अगस्त तक प्रत्येक नागरिक अपने घर व प्रतिष्ठान पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर आजादी का जश्न मनाएंगे। जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने पंचायती राज विभाग, बेसिक शिक्षा, कृषि विभाग, लोक निर्माण, सिंचाई, पिछड़ा कल्याण वर्ग, दुग्ध विभाग, आवास विकास समेत 36 विभागों के अधिकारियों को तिरंगा लगवाने के आदेश जारी किए हैं। यहां से ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी राष्ट्रीय ध्वज भिजवाए जाएंगे। मुख्य विकास अधिकारी सुमित यादव ने बताया कि सभी विभागों के अधिकारी तिरंगा अभियान को सफल बनाने में लगे हुए हैं।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : आजादी के दीवानों के त्याग और समर्पण से मिली आजादी
