बरेली: किला नदी में डूबे युवक का छह घंटे बाद भी नहीं लगा कोई सुराग
बरेली, अमृत विचार। किला नदी में एक युवक ने छलांग लगा दी। छह घंटे की मशक्कत के बाद भी नदी में डूबे युवक का कोई सुराग नहीं लगा। नदी के किनारे कपड़े धो रहे तीन बच्चों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने खोताखोरों की मदद से तलाश की, लेकिन नतीजा शून्य निकला।
घटना करीब दोपहर 12 बजे की है। किला थाना क्षेत्र के मिनी बाईपास स्थित किला नदी में एक अज्ञात व्यक्ति ने संदिग्ध परिस्थितियों में छलांग लगा दी। इस दौरान नदी किनारे मुदित, विनित समेत तीन बच्चे कपड़े धो रहे थे। तीनों बच्चों ने बताया कि उनकी नजर जब व्यक्ति पर पड़ी तो उसकी सिर्फ गर्दन दिख रही थी। वह चीखते-चिल्लाते सड़क पर पहुंचे और राहगीरों को घटना के बारे में बताया। कुछ ही देर में थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन तब तक युवक पानी में लापता हो चुका था। आनन फानन में गोताखोरों को बुलाकर अज्ञात व्यक्ति को तलाशा गया, लेकिन छह घंटे बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला।
जिस समय युवक नदी में डूब रहा था। वहां कपड़े धो रहे तीन बच्चों ने इसकी जानकारी वहां से गुजर रहे लोगो को दी। लोगों ने इसकी सूचना इज्जतनगर पुलिस को दी। पुलिस घटना स्थल पर पहुंचने के बाद यह कहकर लौट गई कि घटना स्थल उसके क्षेत्र में नहीं आता है। अगर वह बचाव कार्य शुरू कर देती तो शायद युवक की जान भी बच सकती थी, लेकिन पुलिस उस समय संवेदनशील नहीं दिखी।
यह भी पढ़ें- बरेली: झाड़फूंक के चक्कर में किसान की गई जान, सांप के काटने पर ले गए ओझा के पास
