रायबरेली : सपा नेता के बेटे की लुधियाना में चाकुओं से गोदकर हत्या, बदमाशों की लूटपाट का किया था विरोध
सलोन/ रायबरेली, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी सलोन विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष के बड़े लड़के की पंजाब के लुधियाना जिले फोकल प्वाइंट थाना क्षेत्र में चाकूओं से गोद कर हत्या कर दी गई।घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर तीनों बाइक सवार हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की प्राथमिक जांच में मामला लूटपाट का पाया गया है।
समाजवादी पार्टी विधान सभा अध्यक्ष पुत्तन सिंह यादव का बड़ा लड़का सिद्धार्थ सिंह यादव (20) एक महीने पूर्व नौकरी की तलाश में पंजाब गया हुआ था। वहीं पंजाब प्रांत के लोधियाना शहर स्थित फोकल प्वाइंट फेस-8 में बीएच इंजीनियरिंग कंपनी में उसे सुपरवाइजर की नौकरी मिल गई, जिसमे वह काम करने लगा।सोमवार की रात लगभग नौ बजे युवक कंपनी के समीप स्थित ढाबे से खाना खाकर अपने रूम की तरफ लौट रहा था। अचानक बाइक से आये तीन बदमाशों ने उसका मोबाइल पैसा छीनने का प्रयास करने लगे। विरोध करने पर एक बदमाश ने चाकू से युवक पर हमला कर लिया। खून से लथपथ सिद्धार्थ को देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया। वही शोर मचने पर आरोपी भाग निकले। लोगों ने घटना की सूचना नजदीकी पुलिस चौकी जीवन नगर को दी।
एंबुलेंस से घायल सिद्धार्थ यादव को लोग सिविल अस्पताल लुधियाना लेकर गए,लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हत्या की सूचना पर फोकल प्वाइंट थाना के एसएचओ अमन सिंह बराड़ ने सीसीटीवी के जरिये तीनों हत्यारों को पकड़ लिया। स्थानीय पुलिस के मुताबिक हत्यारोपी बंटी, लकी,सोनू को गिरफ्तार कर लिया गया। लुधियाना के फोकल प्वाइंट थाना के एसएचओ ने बताया कि मृतक के साथी राजू सिंह पुत्र शिवशंकर सिंह की तहरीर पर हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
सपा नेता के घर में मचा कोहराम
बेटे की मौत की खबर से सपा नेता के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के मुताबिक सोमवार रात्रि ग्यारह बजे फैक्ट्री के वर्करों ने फोन पर सिद्धार्थ की हत्या की सूचना परिजनों को दी थी। जिसके बाद परिजन लुधियाना के लिए रवाना हो गए है। वहीं घटना की सूचना के बाद सलोन कोतवाल नारायण कुशवाहा पीड़ित परिजनों के घर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। इस दौरान बड़ी संख्या में सपा नेता के घर पर शोक संवेदना देने वालों का तांता लगा रहा। डाक्टर मोहम्मद सऊद,जागेश्वर यादव,इरफान सिद्दीकी,इसरार हैदर,संतराम पासी, अविनाश यादव,ओम प्रकाश साहू समेत आदि लोगो ने शोक संवेदना व्यक्त की है।
ये भी पढ़ें -प्रयागराज : गुड्डू मुस्लिम भगोड़ा घोषित, पुलिस ने डुगडुगी बजवाकर कराई मुनादी
