Etawah News : चोरों ने दुकान और स्कूल को निशाना बनाकर की चोरी, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इटावा में दुकान और स्कूल में चोरी।

इटावा में चोरों ने दुकान और स्कूल को निशाना बनाकर सामान पार कर दिया। पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत कर न्याया की गुहार लगाई।

इटावा, अमृत विचार। लखना के गुरु के तिराहे पर स्थित एक जूता चप्पल की दुकान से सोमवार की रात को चोरों ने ताले तोड़ दिए और चोर दुकान से 10 हजार रुपये कीमत के जूते चप्पल चोरी कर ले गये। सुबह आसपास के अन्य दुकानदारों ने देखा तो इसकी सूचना दुकनदार को दी।  

चोरी की घटना के सम्बंध में रविन्द्र बाबू शुक्ला निवासी बकेवर ने लखना पुलिस को दिये प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी गुरु तिराहे पर जूता चप्पल की दुकान है। सोमवार की शाम को वह दुकान में ताला लगाकर अपने घर आ गया था। रात के समय में चोरों ने ताले तोड़कर करीब 10 हजार रुपये कीमत के जूते चप्पल चोरी कर ले गये।

जब सुबह आसपास के दुकनदारों ने अपनी दुकान खोली तो देखा कि ताला टूटा पड़ा हुआ है। जानकारी होने पर मैं दुकान पहुंचा  और अंदर जाकर देखा तो एक झाल जूता चप्पल गायब थे। जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये है। इसकी सूचना लखना पुलिस चौकी पर दे दी गई है।  

स्कूल का ताला तोड़कर हजारों का सामान चोरी

लवेदी थाना क्षेत्र के ग्राम पीपरीपुरा स्थित परिषदीय प्राथमिक विद्यालय का ताला तोड़कर चोर तकरीबन पचास हजार रुपये मूल्य का मिड डे मील के सामान के साथ साथ खेलकूद की सामग्री भी चोरी कर ले गए।  चोरों ने विद्यालय के दस्तावेज भी नहीं छोड़े।

ग्राम पंचायत पीपरीपुरा की प्रधान राजकुमारी व प्रधानाध्यापक राजेश चतुर्वेदी ने लवेदी थाना पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि रात चोरों ने स्कूल के कमरों के ताले तोड़कर उसमें रखा कीमती सामान चोरी कर लिया। मंगलवार की सुबह प्रधानाध्यापक स्कूल पंहुचे तो स्कूल के कमरों के ताले टूटे थे।

चोर कमरों में लगे पांच सीलिंग पंखे, ब्लूटूथ स्पीकर,माइक ब्लूटूथ सिस्टम, प्रोजेक्टर के अलावा 25 स्टील थाली, 50 स्टील गिलास,50 स्टील प्लेट और खेलकूद का सामान चोरी कर ले गए थे। इस सामान की कीमत पचास हजार से अधिक है। यहीं नहीं चोरों ने प्रधानाध्यापक कक्ष में रखे स्कूल के अभिलेखों को भी नहीं छोड़ा उनको भी चोरी कर ले गए। पुलिस ने चोरी की घटना की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

जेवरात और दुकान में चोरी के मामले निकले फर्जी

थाना चकरनगर क्षेत्र में लाखों रुपये के जेवरात व थाना विठोली क्षेत्र में चाय की दुकान से चोरी की घटनाएं पुलिस की जांच में फर्जी पाई गईं। पड़ोसियों को फंसाने के लिए यह वारदातें दर्ज कराई गई थीं। दोनों मामले दर्ज कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।                                              
एसएसपी संजय वर्मा ने बताया कि थाना चकरनगर में गांव रमपुरा घार की अविता देवी पत्नी जितेंद सिंह ने 2 अगस्त की रात घर से चार लाख रुपये की कीमत के सोने चांदी के जेवरात, पांच हजार रुपये  व अन्य सामान चुरा ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने पड़ोसी पर शक जाहिर किया था।

इस मामले का खुलासा करने के लिए थाना प्रभारी चकरनगर दीपक कुमार को टीम बनाने के निर्देश दिए गए थे। गहनता से छानबीन किए जाने पर असलियत सामने आ गई और सभी जेवरात व अन्य सामान अविता देवी से ही बरामद हो गये। साथ ही पता चला कि पड़ोसी को फंसाने के लिये उन्होंने पुलिस को झूठी सूचना दी थी।

वहीं दूसरी ओर थाना बिठौली में अनुज कुमार ने चाय की दुकान से गैस सिलेंडर,अन्य कीमती सामान तथा नकदी चुरा ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई जिसमें पड़ोसी को नामजद किया। थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेन्द्र सिंह ने गहनता से छानबीन की तो सारा सामान अनुज के पास से बरामद हो गया। पड़ोसी से तकरार होने को लेकर उसे फंसाने के लिए रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

संबंधित समाचार