मुरादाबाद : हेलो! डेल्टा कमांडर चार्ली...सर-सर..जय हिंद, टीपीनगर चौकी इंचार्ज को...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार।  हेलो...डेल्टा कमांडर चार्ली...सर...सर, जय हिंद...टीपीनगर चौकी इंचार्ज मयंक गोयल को लापरवाही के आरोप में निलंबित किया गया है...यस सर...नोट किया...। जी हां, ये मैसेज पांच अगस्त की रात करीब डेढ़ बजे पुलिस के वायरलेस सेट पर गूंजा। लेकिन, अब इस प्रसारित मैसेज को गलत ठहराया जा रहा है। फिलहाल, वायरलेस सेट पर मैसेज एसएसपी ने प्रसारित किया हो या किसी अन्य ने, पुलिसकर्मियों में इस प्रकरण की चर्चा खूब हो रही है। 

यह घटनाक्रम पांच अगस्त की रात का है। उस शाम बुद्धि विहार के नवनीत गुप्ता के सात वर्षीय बेटे वैदिक का अपहरण हो गया था। वैसे प्रसारित मैसेज का राज क्या है? इसे जानने को सबसे पहले टीपीनगर पुलिस चौकी इंचार्ज मयंक गोयल से बात की गयी। मयंक ने बताया कि जिस रात वायरलेस सेट पर ये मैसेज प्रसारित हुआ, उसी शाम बच्चे का अपहरण हो गया था। हम उसी में लगे थे। वायरलेस सेट भी उनके पास नहीं था, इसलिए हम इस मैसेज को स्वयं नहीं सुने हैं लेकिन, उन्हें मझोला थाने के ही किसी कांस्टेबल का फोन आया था और उसी ने उन्हें जानकारी दी थी। किस कांस्टेबल ने उन्हें मैसेज के संदर्भ में बताया था, इस पर मयंक गोयल बताते हैं कि बच्चे का अपहरण होने के कारण उस रात उनकी व्यस्तता अधिक थी और फोन भी बहुत आ रहे थे। इसलिए कांस्टेबल का नाम उन्हें ठीक से याद नहीं है।  

मयंक ने कहा, उन्हें पता चला है कि उसी रात करीब डेढ़ बजे वायरलेस सेट पर मैसेज प्रसारित हुआ है। वैसे कभी-कभी वायरलेस सेट पर कोई मैसेज पीलीभीत जिले का भी अटैच हो जाता है। लेकिन, उन्हें जब उनके निलंबन के संबंध में वायरलेस सेट पर प्रसारित मैसेज के बारे में पता चला तो बात उनकी भी समझ से बाहर थी।  मयंक गोयल ने कहा कि, वैसे उनके निलंबन के संबंध में ऐसा कुछ था नहीं। बाकी, क्या है हो सकता किसी की शरारत हो। लेकिन, इस मामले की जांच होनी चाहिए। अगर ऐसा है तो भविष्य के लिए जांच होनी बहुत जरूरी है।

आखिर वायरलेस सेट पर किसने बोला...
अब सवाल यह है कि इस प्रकरण में चौकी इंचार्ज मयंक गोयल निलंबित तो हुए नहीं हैं तो प्रसारित मैसेज ‘’फेक’’ ही कहा जा सकता है लेकिन, पुलिस के वायरलेस सेट पर एसएसपी की तरफ से प्रसारित किया जाने वाला संदेश आखिर किसने बोला? इस प्रसारित मैसेज के संबंध में मझोला थानाध्यक्ष विप्लव शर्मा अपने को पूरी तरह से अनभिज्ञ बताते हैं। कहते हैं कि वायरलेस सेट पर टीपी नगर चौकी इंचार्ज मयंक गोयल के संबंध में वायरलेस सेट पर कमांडर की ओर से कौन सा मैसेज प्रसारित हुआ, उसके बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है और न ही उन्होंने ऐसा कुछ सुना है। विप्लव शर्मा ने कहा, यदि मैसेज प्रसारित हुआ है तो वह कंट्रोल रूम से जानकारी करेंगे। खैर, सूत्रों से खबर मिल रही है कि इस तरह की अनुशासनहीनता वाले मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) की तरफ से गोपनीय तरीके से जांच कराई जा रही है। लेकिन, एसएसपी हेमराज मीना इस मामले में अनभिज्ञता जता रहे हैं।

वायरलेस सेट पर ऐसा कोई मैसेज हमारी तरफ से प्रसारित नहीं हुआ है, हो सकता है कि किसी को कंफ्यूजन (असमंजस) हो गया हो।  - हेमराज मीना, एसएसपी

ये बी पढ़ें : मुरादाबाद : सूफी अंबा प्रसाद और जफर हुसैन के नगमें  गुनगुनाता है अगवानपुर

 

संबंधित समाचार