Manipur हिंसा पर दहाड़ी भीम आर्मी सेना, Fatehpur में BJP सरकार के खिलाफ कलेक्ट्रेट में किया प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहपुर में भाजपा सरकार के खिलाफ कलक्ट्रेट में किया गया जोरदार प्रदर्शन।

फतेहपुर में मणिपुर हिंसा पर भीम आर्मी दहाड़ी। बीजेपी सरकार के खिलाफ कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। बहुजन समाज के साथ हो रहे कथित अत्याचार पर भी निशाना साधा।

फतेहपुर, अमृत विचार। मणिपुर में आदिवासी महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने समेत अन्य हिंसा के मामलों पर भीम आर्मी सेना ने बुधवार जोरदार प्रदर्शन किया। इस घटना को बहुजन समाज से जोड़ते हुए घटना की तीखी निंदा करते हुए इस तरह की पुनरावृत्ति न होने देने के लिए चेतावानी दी। कहा कि अगर ऐसा आगे हुआ तो वह खामोश नहीं बैठेगी।

भीम आर्मी प्रयागराज मंडल अध्यक्ष एडवोकेट उपेंद्र कुमार की मौजूदगी में कलक्ट्रेट में यह प्रदर्शन हुआ। उन्होंने कहा कि मणिपुर में आरक्षण की मांग को लेकर आदिवासी अर्थात बहुजन समाज के साथ जिस तरह की हिंसा की जा रही है। उन्हें अधिकारों से वंचित रखा जा रहा है। दबंग, आदिवासी महिलाओं के साथ जिस तरह का सुलूक कर रहे हैं। उससे देश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाया गया। यह संविधान की आत्मा को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य है। जिसकी जितनी कड़े शब्दों में निंदा की जाए वह कम है। संविधान इस तरह की हिमाकत करने की कतई इजाजत नहीं देता है परंतु इसके बावजूद भी बार-बार हिंसा होना यह कहीं ना कहीं सत्ता संरक्षण की तरफ इशारा कर रहा है। जो तानाशाही जातिवाद एवं संविधान के उल्लंघन जैसा है। इस घटना को अत्यंत गंभीरता से लेना अति आवश्यक है।

इसके अलावा भी देश में बहुजन समाज के लोगों पर तरह-तरह से प्रताड़ना हो रही है। हत्या, अपहरण, जातीय दंगा हरियाणा(नूंह), राजस्थान, मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार, उत्तर प्रदेश इत्यादि प्रदेशों में लगातार बहुजन समाज के लोगों का तिरस्कार किया जा रहा है। जबकि संविधान में सबको बराबर अधिकार है।

समता समानता अंकित है।उसके बावजूद वर्तमान सरकार के संरक्षण में यह घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। जिसका भीम आर्मी विरोध करती है। राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन में प्रदर्शनकारी संगठन ने ऐलान किया कि अगर इस तरह की घटनाओं को रोका नहीं जाता है तो भमी आर्मी आंदोलन करेगी।

इस मौके पर जिलाध्यक्ष वली अंसारी, जिला उपाध्यक्ष शुभम गौतम, सदर विधानसभा अध्यक्ष राम नरेश, बिंदकी विधानसभा अध्यक्ष गजेंद्र गौतम, हुसैनगंज विधानसभा अध्यक्ष प्रदीप कुमार, खागा विधानसभा अध्यक्ष राहुल राय, शहर अध्यक्ष सुनील भारती, जहानाबाद विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र बौद्ध, अयाह शाह विधानसभा अध्यक्ष गौरव रावण, शिवम जाटव, अजय कुमार जाठव, भी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार