Mahoba: तालाब में डूबने से एक बच्चे समेत तीन की मौत, रेस्क्यू आपरेशन चलाकर निकाले शव, परिजनों में मची चीख-पुकार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

महोबा में एक बच्चे समेत तीन लोगों की तलाब में डूबने से मौत।

महोबा में एक बच्चे समेत तीन लोगों की तलाब में डूबने से मौत। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस जांच में जुटी।

महोबा, अमृत विचार। जिले में तीन अलग अलग तालाबों में एक बच्चे सहित तीन लोगों की पानी में डूबने से मौत हो गई है। तालाब में डूबे लोगों का कोई सुराग न लगने पर गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू आपरेशन चलाकर तालाब में डूबे लोगों के शव दो घंटे की मशक्कत के बाद निकाले गए। शवों को देखकर परिजन पछाड़ खाकर गिर गए। मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। सांत्वना देने के लिए लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

थाना महोबकंठ के ग्राम पचारा निवासी दाऊ (22) गांव के बाहर अपने मवेशी चराने गया था। प्यास लगने वह पास के तालाब में पानी पीने चला गया, तभी अचानक उसका पैर फिसल जाने से वह तालाब में गिर गया। तैरना न जानने के कारण उसकी मौत हो गई। आसपास के लोगों ने चरवाहे को तालाब में डूबता देख गांव में परिजनों को सूचना दी।

सूचना मिलने पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। अधिकारियों और पुलिस ने गोताखोरों और नाव की मदद से तालाब में डूबे युवक की तलाश शुरू की। दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकाला। थाना कबरई के ग्राम रिवई के वरबत पुरवा निवासी तेजराम का आठ वर्षीय पुत्र भूरा खेत में गया हुआ था, तभी खेत में बने तालाब के पास पहुंच गया अचानक वह तालाब में गिर गया, जिससे खेत में काम कर रहे परिजन दौड़ पड़े और शोर सुनकर आसपास के लोग आकर तालाब में कूद गए और बच्चे को बचाने में जुट गए।

काफी देर तलाश के बाद भूरा को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बच्चे की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रोना पीटना शुरू हो गया। इस घटना से मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है। तीसरी घटना रेलवे स्टेशन जैतपुर के पास गौरा तालाब की है। जहां पर जैतपुर के मोहल्ला मस्तियानापुरा निवासी किशोरीलाल (45) पुत्र सुखदीन अहिरवार घर से काम करने की बात कहकर गया था, लेकिन शाम तक घर न लौटने पर परिजनों से उसकी तलाश की।

तभी कुछ लोगों ने गौरा तालाब के पास कपड़े रखे होने की सूचना दी। सूचना पर पहुंचे परिजन कपड़े देखकर तालाब में डूबने का अनुमान लगाने लगे। गांव के कुछ लोगों ने तालाब में कूदकर तलाश की जहां पर किशोरीलाल का शव तालाब में मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

संबंधित समाचार