बाराबंकी: कोविड से निराश्रित 227 बच्चों को धनराशि का इंतजार, सीएम बाल सेवा योजना के तहत मिलनी है आर्थिक मदद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। कोरोना महामारी के दौर में माता-पिता या दोनों में से एक अभिभावक को खाने वाले 227 निराश्रित बच्चे आर्थिक सहायता पाने के इंतजार में बैठे हैं। एक वित्तीय वर्ष में छह माह के अंतराल पर किस्त देने की व्यवस्था बनने से इसमें देरी हो रही है। यह सहायता राशि मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत मिलनी है। विभाग का दावा है कि सभी जरूरी कागजी कार्यवाही पूरी कर लाभार्थियों का डाटा निदेशालय को ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किया जा चुका है। 

बजट के आधार पर अक्तूबर माह में किस्त भेजी जाएगी। कोरोना काल के दौरान निराश्रित हुए इन बच्चों के पालन-पोषण और शिक्षा के लिए सरकार ने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना की शुरुआत की थी। इसके तहत ऐसे बच्चों को प्रतिमाह चार हजार रूपये देने की व्यवस्था की गई है। शुरू में यह आर्थिक सहायता हर तीन माह पर देने की व्यवस्था थी। 

लेकिन बदलाव के बाद अब एक वित्तीय वर्ष में छह माह पर दो किस्तों में प्रत्येक निराश्रित बच्चें को 24 हजार रूपये की धनराशि दी जा रही है। अब यह धनराशि अक्तूबर माह में भेजने की बात विभागीय अधिकारी द्वारा कही जा रही है। ऐसे में 227 निराश्रित सहायता राशि का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। विभाग का कहना है कि करीब 58 लाख 48 हजार रूपये बजट की जरूरत पड़ेगी। दूसरी किस्त मार्च माह में पहुंचेगी।

बिना कोविड के अनाथ 604 बच्चों को मिली सहायता राशि
गरीब या कमाऊ माता-पिता की मृत्यु से निराश्रित बच्चों को भी प्रयोजकता कार्यक्रम के तहत लालन-पालन को हर माह 25 हजार रूपये मुहैया कराया जा रहा है। पहले यह राशि दो हजार रुपये प्रतिमाह के दर से मिलती थी। इस बार जिले के ऐसे 604 बच्चों को तिमाही किस्त के रूप में प्रति बच्चा साढ़े सात हजार रूपये की धनराशि खातों में भेजी जा चुकी है। इस प्रकार कुल 15 लाख 10 हजार रूपये की धनराशि से इन्हें लाभांवित किया गया है। 

227 निराश्रित बच्चों को अक्तूबर माह में आर्थिक सहायता की राशि खातों में भेजी जाएगी। लाभार्थियों का डाटा पोर्टल पर अपलोड किया जा चुका है। हर छह माह पर आर्थिक सहायता की राशि देने की व्यवस्था शासनस्तर से बनाई गई है... डॉ.पल्लवी सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी।

ये भी पढ़ें -यूपी के सभी जिलों में 14 अगस्त को मनाया जायेगा ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’

संबंधित समाचार