अयोध्या: सरयू तट पर आयोजित होगा पहला अंतर्राष्ट्रीय कामनवेल्थ गेम, यूरोप व अफ्रीकी देशों की टीम का होगा जमावड़ा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। अयोध्या के सरयू तट पर पहली बार अंतर्राष्ट्रीय कामनवेल्थ बीच पुरुष हैंडबाल चैंपियनशिप का आयोजन होगा। इस प्रतियोगिता में यूरोप व अफ्रीकी समेत 15 देशों के 200 खिलाडी प्रतिभाग करेंगे। बीच पुरुष हैंडबाल चैंपियनशिप का आयोजन अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहली बार किया जा रहा है। गुरुवार को हैंडबाल एसोसिएशन आफ इण्डिया के कार्यकारी निदेशक आनंदेश्वर पांडे व अयोध्या के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी। 

सिविल लाइन स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में हैंडबाल एसोसिएशन आफ इण्डिया के कार्यकारी निदेशक आनंदेश्वर पांडेय ने बताया कि आज रामंदिर निर्माण के कारण सांस्कृतिक और आध्यात्मिक नगरी अयोध्या विश्व पटल पर चर्चा में है। रामनवमी के दौरान श्रीराम जन्मोत्सव को लेकर आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के दौरान वह अयोध्या आये थे।

तभी यह विचार आया था कि जहां बाल्यकाल में श्रीराम खेले-कूदे, वह स्थल खेल प्रतियोगताओं के आयोजन का केंद्र बने। एसोसिएशन आफ इण्डिया को जब पहले अंतर्राष्ट्रीय कामनवेल्थ बीच पुरुष हैंडबाल चैंपियनशिप के आयोजन का प्रस्ताव मिला तो विशाखापट्टम, गोवा, महाराष्ट्र, वाराणसी समेत अन्य एसोसिएशन की ओर से प्रस्ताव मिला, जिसके बाद इस प्रतियोगिता को महापौर गिरीशपति त्रिपाठी के नेतृत्व में प्रदेश हैंडबाल एसोसिएशन के तत्वावधान में अयोध्या में कराने का निर्णय लिया गया।

उन्होंने बताया कि कामनवेल्थ बीच हैंडबाल चैंपियनशिप का यह पहला संस्करण नवंबर व दिसंबर माह के दौरान आयोजित किया जाएगा। जिसके लिए जल्द ही बैठक कर आयोजन समिति गठित की जाएगी तथा विस्तृत कार्यक्रम तैयार किया जाएगा।  

नगर निगम के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने पहले कामनवेल्थ पुरुष बीच हैंडबॉल चैंपियनशिप के आयोजन के लिए  प्रभु श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या को चुने जाने पर हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा में अफ्रीकी व यूरोपीय देशों की 15 से ज्यादा टीमें हिस्सा लेंगी। जिसमें विभिन्न देशों के करीब 200 खिलाड़ी व 40 अधिकारी अयोध्या आएंगें। 

इस खेल प्रतियोगिता के माद्यम से अयोध्या को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान हासिल होगी और यहां के युवाओं में खेल के प्रति जागरूकता आएगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रतियोगिता का स्थान आदि तय कर लिया जाएगा। कोशिश है कि हैंडबाल प्रतियोगिता चौधरी चरण सिंह घाट के पास स्थित हेलीपैड पर आयोजित हो। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के सह सचिव परमेंद्र सिंह, अंतर्राष्ट्रीय प्रशिक्षक प्रवीण सिंह सचिन चौधरी, एम कार्थिकेयन, विजय सिंह आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें -यूपी के सभी जिलों में 14 अगस्त को मनाया जायेगा ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’

संबंधित समाचार