सुल्तानपुर : सवर्ण आयोग की मांग तेज, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
सुल्तानपुर, अमृत विचार। जिले से उठी सवर्ण आयोग की मांग तेज हो गई है। अखिल भारतीय क्षत्रिय कल्याण परिषद ने सवर्ण आयोग के गठन, दोहरी आरक्षण व्यवस्था की समाप्ति करने, एससी एसटी के मुकदमों में सजा के बाद ही क्षतिपूर्ति समेत पांच सूत्रीय मांग को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी जसजीत कौर के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा।
संगठन के संरक्षक अरविंद सिंह राजा ने कहा कि नौकरी में आरक्षण देने के बाद प्रमोशन में भी आरक्षण देना दोहरा मापदंड है, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने समाप्त किया था, लेकिन वर्तमान सरकार ने फिर लागू कर मनमानी की। दलित उत्पीड़न के मुकदमों में आरोपियों को सजा के बाद ही पीड़ित को आर्थिक क्षतिपूर्ति देने की मांग संगठन ने सरकार से की और इससे संबंधित ज्ञापन डीएम को दिया। अध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि सवर्ण आयोग के गठन और अन्य मांगों के समर्थन में आगामी 26 और 27 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर मंतर पर विशाल प्रदर्शन किया जाएगा।
कोषाध्यक्ष सर्वेश सिंह ने बताया कि मांगों में सवर्ण आयोग के गठन, एससी, एसटी एक्ट समाप्त, आरक्षण नीति की पूर्ण समीक्षा, प्रमोशन में आरक्षण समाप्त और आर्थिक आधार पर आरक्षण का लाभ सभी जातियों के लोगों को दिए जाने की मांग की गई है। कार्यक्रम में डॉ आरपी सिंह, समरबहादुर सिंह, बसन्त सिंह, अवधेश सिंह, पंच बहादुर सिंह, वैभव सिंह, अखिलेश सिंह आदि रहे।
ये भी पढ़ें -चित्रकूट : 35वें दिन कोर्ट ने दिया पीड़िता को न्याय, दुराचार के दोषी को दस साल की सजा
