गरमपानी: बद्रीनाथ जा रहे उत्तर प्रदेश के पर्यटक खाई से शिप्रा नदी में गिरे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गरमपानी, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश से बाइक पर सवार होकर निकले पर्यटक गरमपानी में हादसे का शिकार हो गए। सड़क पर बाइक फिसलने के बाद दोनों गहरी खाई में जा गिरे और बुरी तरह घायल हो गए। आनन-फानन में पुलिस और एसडीआरएफ ने रेस्क्यू कर बमुश्किल दोनों को बाहर निकाला। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 
   

सीओ भवाली नितिन लोहनी ने जानकारी देते हुए बताया कि जखिया कला शाहजहांपुर उत्तर प्रदेश बृजभान यादव (28) पुत्र रामलाल और उसका साथी अनुज यादव (26) पुत्र विजय बहादुर यादव घर से बद्रीनाथ दर्शन के लिए निकले थे। बाइक संख्या यूपी 27 बीडी 9173 पर सवार दोनों गुरुवार को हल्द्वानी से होते हुए गरमपानी फ्रॉक कैंप के पास पहुंचे थे कि तभी अचानक उनकी बाइक सड़क पर फिसल गई।

हादसे में बाइक तो सड़क पर रह गई, लेकिन दोनों सवार शिप्रा नदी की गहरी खाई में गिर गए और बुरी तरह घायल हो गए। सूचना मिलते ही आनन-फानन में खैरना चौकी प्रभारी दिलीप कुमार, कांस्टेबल राजेंद्र सती, कांस्टेबल प्रयाग जोशी और एसडीआरएफ से कांस्टेबल जगदीश धामी मौके पर पहुंच गए।

बारिश की वजह से रेस्क्यू में काफी मुश्किलें हुईं, लेकिन किसी तरह टीम नीचे नदी तक पहुंच गई। जिसके बाद घायल को स्ट्रेचर में बांधकर रस्सी के सहारे खींच कर सड़क तक लाया गया। दोनों सड़क से करीब 100 मीटर नीचे खाई में गिरे थे। पुलिस ने दोनों को गरमपानी अस्पताल भेजा, जहां से उन्हें हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक बाइक बृजभान चला रहा था। 

संबंधित समाचार