हर घर तिरंगा अभियान : घर बैठे भी मंगा सकते हैं राष्ट्रीय ध्वज, जानिए क्या है तरीका
प्रधान डाकघर पहुंच चुकी 31 हजार तिरंगों की खेप, स्टॉलों पर हो रही बिक्री, 24 उप डाकघरों में हो लगाए गए तिरंगे के स्टॉल
प्रधान डाकघर में राष्ट्रीय ध्वज दिखाता कर्मचारी।
रामपुर, अमृत विचार। हर घर तिरंगा अभियान के तहत सभी डाकघरों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे की बिक्री शुरू हो गई है। इस बार भी डाक विभाग द्वारा 25 रुपये में तिरंगा उपलब्ध करवाया जा रहा है। जिले के प्रत्येक डाकघर में स्टॉल लगाए गए हैं, जहां से तिरंगा खरीदा जा सकता है। इसके साथ ही डाक विभाग से घर बैठे भी तिरंगा मंगवा सकते हैं। इसका मूल्य भी सिर्फ 25 रुपये है।
प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर सुरेंद्र सिंह ने बताया, अलीगढ़ से पहली खेप में 17 हजार और दूसरी खेप में 14 हजार तिरंगे आ चुके हैं। जिले के सभी 24 उप डाकघरों में इसकी बिक्री शुरू हो गई है। शहर में 17 डाकघरों में बिक्री के लिए स्टॉल लगाए गए हैं। डाक विभाग के अधिकारी योजना का प्रचार प्रसार करने में लगे हुए हैं। 14 अगस्त तक तिरंगे झंडे की बिक्री की जाएगी, ताकि घर-घर पहुंच सके। सरकार ने इस बार भी आजादी के जश्न को भव्य बनाने की तैयारी पोस्टल डिपार्टमेंट को सौंपी है। ताकि राष्ट्रीय ध्वज को घर-घर और जन-जन तक पहुंचाया जा सके। बताया कि बुधवार को जिले में 2111 झंडे की बिक्री हुई, वहीं शहर में 885 तिरंगे बिके। अभी लक्ष्य निर्धारित नहीं किया गया है। पिछले वर्ष प्रधान डाकघर के लिए 4500 झंडे बेचने का लक्ष्य था।
ऐसे करें ऑनलाइन बुकिंग
पोस्टमास्टर के मुताबिक, लोग अपने नजदीकी डाकघर से झंडे की खरीदारी कर सकते हैं। इसके अलावा डाक विभाग की ई-पोस्ट ऑफिस सुविधा (www.epostoffice.gov.in) के जरिए भी राष्ट्रीय ध्वज खरीद सकते हैं।
जिले के इन डाकघरों में मिल रहा तिरंगा
अजीतपुर, आग्हापुर, खुसरोबाग, चमरौआ, ज्वालानगर, पुराना गंज, बकैनिया, बार खास, बेनाजीर, भोट, रामपुर डिस्टलरी, रेवड़ी कलां, रोशन बाघ, सिविल लाइंस, सीआरपीएफ हेड क्वार्टर, रामपुर हेड ऑफिस।
ये भी पढ़ें : रामपुर : निजी अस्पतालों में मौत का नंगा नाच, अब मिलक में नवजात ने तोड़ा दम, जमकर हंगामा...देखिए VIDEO
