Accident In Unnao : तेज रफ्तार का कहर, कार सड़क किनारे खड़ी ट्रॉली से टकराई, दो की मौके पर मौत, तीन गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में सड़क हादसे में दो की मौत।

उन्नाव में कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में दो की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव मोहनलालगंज-पुरवा मार्ग पर मौरावां थानाक्षेत्र में शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरकर खड़ी ट्रॉली से जा टकराई। हादसे में दो कार सवारों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सीओ पुरवा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। वही मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

बता दें कि शुक्रवार सुबह उन्नाव के मोहनलालगंज-पुरवा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार होंडा सिटी कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और ट्राली में जा टकराई। सड़क हादसे में कार सवार लखनऊ निवासी विपिन पुत्र रामविलास, विवेक अवस्थी पुत्र शिवलाल अवस्थी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

वहीं पंकज पुत्र सर्वेश, राजवीर पुत्र अंबिका और विवेक यादव पुत्र यदुनाथ गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के तमाम लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर सीओ दीपक सिंह, मौरावां प्रभारी निरीक्षक भवन सिंह मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दुर्घटना में घायल तीनों युवकों को सीएचसी मौरावां में भर्ती कराया। हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद सभी को ज़िला अस्पताल रेफर कर दिया हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

संबंधित समाचार