FIFA Women's World Cup : Salma Paralluelo के गोल से स्पेन ने महिला विश्व कप के सेमीफाइनल में किया प्रवेश 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जापान को हराकर सेमीफाइनल में पहुंचा स्वीडन , सेमीफाइनल में स्पेन से होगा स्वीडन का सामना

वेलिंगटन। सलमा पारालुएलो के अतिरिक्त समय में किये गए गोल की मदद से छठी रैंकिंग पर काबिज स्पेन ने शुक्रवार को यहां नीदरलैंड को 2-1 से हराकर पहली बार महिला विश्व कप के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। दो यूरोपीय मजबूत टीमों के बीच कड़े नॉकआउट मुकाबले में पारालुएलो ने 111वें मिनट में विजयी गोल दागा। नीदरलैंड की टीम चार साल पहले फ्रांस में फाइनल में अमेरिका से हार गयी थी और अब दोनों टीमें टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी हैं।

मारियोना कालडेंटी ने 81वें मिनट में गोल कर स्पेन को 1-0 से बढ़त दिलायी। नियमित समय के अंतिम 10 मिनट में नीदरलैंड की डिफेंडर स्टेफानी वान डर ग्राग्ट ‘खलनायिका’ से ‘नायिका’ बन गयीं जिन्होंने अपनी टीम के लिए बराबरी गोल दागा। उनकी हैंडबॉल की वजह से ही स्पेन को 81वें मिनट में पेनल्टी मिली थी जिस पर मारियोना ने गोल दागा था।

 फिर 19 वर्षीय पारालुएलो ने अतिरिक्त समय में बायें पैर से मुश्किल कोण से लगे शॉट से टीम के लिए विजयी गोल किया। उन्होंने कहा, यह हम सभी के लिए महत्वपूर्ण है। हम सफल रहे। हम अंत तक लड़ते रहे। हमें भरोसा था। ’’ इस मैच के लिए दर्शकों की संख्या 32,000 से ऊपर थी जिसमें न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस हिपिकिन्स और फीफा अध्यक्ष जियानी इनफैनटिनो भी शामिल थे। 

जापान को हराकर सेमीफाइनल में पहुंचा स्वीडन 
ऑकलैंड। स्वीडन ने फीफा महिला विश्वकप 2023 के एकतरफा क्वार्टरफाइनल में पूर्व विश्व विजेता जापान को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। ईडन पार्क पर खेले गये दूसरे क्वार्टरफाइनल में अमांडा इलेस्टेड (32वां मिनट) और फिलिपा एंजलडेल (51वां मिनट) के गोलों से स्वीडन ने 2-0 की मज़बूत बढ़त बना ली। होनोका हयाशी ने 87वें मिनट में जापान का खाता खोला, हालांकि इससे सिर्फ एशियाई टीम की हार का अंतर ही कम हो सका। सेमीफाइनल में स्वीडन का सामना स्पेन से होगा। 

ये भी पढ़ें : ODI World Cup 2023 : केन विलियमसन ने किया स्वीकार, विश्व कप में खेलना ‘मुश्किल लक्ष्य’

संबंधित समाचार