लखनऊ : पकड़ा गया विधायक की हत्या में वांछित आरोपी

Amrit Vichar Network
Published By Pradumn Upadhyay
On

अमृत विचार, लखनऊ । दस साल पहले 2013 में हुई आजमगढ़ के सगड़ी के विधायक सर्वेश सिंह सीपू की हत्या के मामले आजीवन कारावास की सजा होने के बाद से फरार चल रहे आरोपी अरविन्द कश्यप को आखिरकार पकड़ लिया गया। इस आरोपी की गिरफ्तारी पर एक लाख रुपए का इनाम था। यूपी एसटीएफ ने इस शूटर को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी भी आजमगढ़ के थाना मेहनाजपुर का निवासी है। उसे लुधियाना के थाना डाबा क्षेत्र से दबोचा गया। एसटीएफ अफसरों के अनुसार विधायक सर्वेश सिंह हत्याकाण्ड में न्यायालय द्वारा अरविन्द कश्यप को दिनांक 16 मार्च 2022 को आजीवन कारावास से दण्डित किया गया था। आरोपी तभी से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख का पुरस्कार घोषित था। अभियुक्त के लुधियाना (पंजाब) में छिप कर रहने की सूचना प्राप्त हो रही थी। इस सूचना पर अरविन्द कश्यप को एसटीएफ की टीम ने डिल्लो नगर लोहारा थाना डाबा लुधियाना के पास से गिरफ्तार कर लिया।

इंटर में पढ़ने के दौरान करने लगा था अपराध

गिरफ्तार अभियुक्त ने पूछताछ में बताया कि इण्टर में पढाई के दौरान हुए विवाद में उसने एक लडके को चाकू मार दिया था। इस सम्बन्ध में वह जेल चला गया। जेल से छूटने के बाद इसने अपना एक गैंग बनाकर ताबड़तोड़ कई घटनाओं को अंजाम दिया। वर्ष-2010 में जनपद वाराणसी के थाना आदमपुर पुलिस द्वारा मुठभेड के दौरान अरविन्द कश्यप को उसके गैंग के मृत्युंजय सिंह, राजेश तिवारी आदि के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। उस समय वाराणसी जेल में पूर्वांचल का कुख्यात माफिया ध्रुव सिंह उर्फ कुण्टू सिंह भी बन्द था।

पेशी के दौरान हुई ध्रुव उर्फ कुंटू सिंह से नजदीकी

वह सभी आजमगढ़ में चल रहे अपने-अपने मुकदमे में पेशी के लिए एक ही वाहन से वाराणसी से आते-जाते थे। अरविन्द की ध्रुव सिंह उर्फ कुण्टू सिंह से घनिष्ठता हो गई। अरविन्द कश्यपके साथी ने उसे बताया कि ध्रुव सिंह उर्फ कुण्टू सिंह जनपद आजमगढ के सगड़ी विधायक सर्वेश सिंह सीपू की हत्या कराना चाहता है जिस पर अरविन्द कश्यप, मृत्युंजय सिंह और दिनेश सिंह उफ घोड़ा के साथ निकला और आजमगढ़ में अन्य साथियों से मुलाकात कर सर्वेश सिंह सीपू की रैकी करने के बाद जीयनपुर बाजार में पूर्व नियोजित योजना के तहत विधायक सर्वेश सिंह सीपू की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद अपने साथियों के साथ फरार हो गया।

जमानत पर छूटने के बाद हो गया था फरार

इस घटना में अरविन्द कश्यप को वर्ष 2014 में एसटीएफ वाराणसी टीम द्वारा गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जमानत पर जेल से छूटने के बाद से अरविन्द कश्यप फरार हो गया। इसी दौरान विधायक सर्वेश सिंह सीपू हत्याकाण्ड में ध्रुव सिंह उर्फ कुण्टू सिंह, अरविन्द कश्यप सहित कुल सात अभियुक्तों को न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा सुना दी। सजा होने के बाद से वह फरार चल रहा था।

ये भी पढ़ें - लखनऊ : भारतीय परंपराओं को समाहित करके ही श्रेष्ठ ज्ञान की परिकल्पना संभव

संबंधित समाचार