बरेली: साउथ रेलवे कॉलोनी के जर्जर मकानों से कर्मचारी दहशत में
अधिकतर रेलवे आवासों में लंबे समय से नहीं की गई है मरम्मत
बरेली, अमृत विचार। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल के तहत आने वाले बरेली जंक्शन की साउथ रेलवे कॉलोनी की हालत काफी खराब है। यहां के जर्जर आवासों में रहने वाले कर्मचारी दहशत में हैं। यहां तो नार्थ कॉलोनी से भी अधिक हालात खराब हैं।
साउथ रेलवे काॅलोनी जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर छह के पीछे बनी है। इस काॅलोनी में करीब 400 रेलवे क्वार्टर हैं। यहां के आवासों को नियमानुसार तो खंडहर घोषित किया जाना चाहिए। आवासों की दीवारें दरक रही हैं और छतें टपक रही हैं। कई खंडहर घोषित आवासों में भी कई परिवार रह रहे हैं। यूनियन के लोगों ने कई बार साउथ रेलवे कालोनी के आवासों की मरम्मत के लिए अधिकारियों से कहा लेकिन इंजीनियरिंग विभाग के कान पर जूं तक नहीं रेंगी। सहायक मंडल अभियंता आयुष द्विवेदी का कहना है कि समय-समय पर आवासों की मरम्मत कराई जाती है। बरसात की वजह से कुछ मकानों की मरम्मत फिलहाल नहीं हो पाई है। जहां मरम्मत की जरूर है वहां मरम्मत कराई जाएगी।
जीआरपी के आवास खस्ता हालत में
प्लेटफार्म नंबर छह के ठीक पीछे मौजूद ज्यादातर आवासों में जीआरपी के कर्मचारी रह रहे हैं। इन आवासों की बरसों से मरम्मत नहीं कराई गई है। सभी के अंदर घास उग आई है।
खुद ही करा रहे आवासों की मरम्मत
आवासों में रहने वाले कर्मचारी खुद ही मरम्मत करा रहे हैं। अधिकारियों के डर से कोई कर्मचारी खुलकर बोलने को तैयार नहीं हैं। यहां रहने वालों ने दबी जुबान में कहा कि इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी सिर्फ अपने चहेतों के आवासों की मरम्मत कराते हैं।
गंदगी से नर्क बनी साउथ कॉलोनी
साउथ रेलवे कॉलोनी में भी काफी गंदगी है। यहां जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। कूड़ा निस्तारण के भी कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं।
ये भी पढ़ें- बरेली: युवक के चेहरे पर बाइक सवारों ने फेंका तेजाब, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
