मुरादाबाद : नवंबर में आएगा पंजाब का आलू, स्थानीय दिसंबर में...प्याज की कीमत में लगे पंख

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उम्मीद: अभी थोक में 16 से 23 रुपये प्रति किलो बिक रही है प्याज, मंडी में आगरा, अलीगढ़, हल्द्वानी से आ रहा आलू

मुरादाबाद, अमृत विचार। अब आलू के संग प्याज की कीमत में भी पंख लग गए हैं। तीन माह पहले मंडी में 10 से 12 प्रति किलोग्राम की दर से बिकने वाला आलू अब 16 से 18 रुपये थोक भाव में बिक रहा है। फुटकर में आलू 25 से 30 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बिक रहा है। जबकि, प्याज के दाम भी बढ़ रहे हैं। थोक में 16 से 23 रुपये कीमत वाली प्याज फुटकर बाजार में 30 रुपये है। स्थानीय आलू दिसंबर में आएगा, जबकि नवंबर में पंजाब से आलू की खेप आने लगेगी।

थोक मंडी में बाहर से आलू आ रहा है, जिससे इसके भाव बढ़ रहे हैं। क्योंकि आलू हर सब्जी में प्रयोग होता है। थोक मंडी में तीन माह पहले 50 किलोग्राम आलू 500 रुपये में बिकता था जो अब 650 से लेकर 700 रुपये पहुंच गया है। आढ़ती बता रहे हैं कि आलू अभी बाहर से आ रहा है। यहां का आलू का उत्पादन नहीं है। इससे दाम पर असर पड़ा है। मंडी में इस समय आगरा, अलीगढ़, चंदौसी, संभल और हल्द्वानी से आलू आ रहा है। जनपद में नये आलू का उत्पादन दिसंबर तक होगा। नवंबर में पंजाब से भी आलू आना शुरू हो जाएगा। इससे दाम पर कुछ फर्क पड़ेगा। टमाटर, हरी मिर्च, अदरक के बाद अब आलू और प्याज का भाव भी चढ़ रहा है।

 थोक में आलू 16 रुपये से 18 रुपये तक है। यही आलू खुले बाजार में 25 से 30 रुपये में मिल रहा है। चार-पांच गाड़ियां प्रतिदिन आलू लेकर आ रही है। अभी मांग के हिसाब से आपूर्ति ठीक हो रही है। एक गाड़ी में करीब पांच सौ कटटे होते हैं। -विजेंद्र सिंह, आलू आढ़ती

सावन में प्याज की खपत कुछ कम हे। प्याज का थोक भाव 16 रुपये से लेकर 23 रुपये तक है। महानगर में पांच हजार कुंतल प्याज की खपत है, लेकिन सावन के बाद प्याज की खपत और बढ़ेगी। - नितिन कुमार, प्याज आढ़ती

लहसुन भी पीछे नहीं है। लहसुन 70 से लेकर 90 रुपये प्रति किलोग्राम में बिक रहा है। तीन माह पहले लहसुन 40 से 60 रुपये था। इस समय मध्यप्रदेश से लहसुन आ रहा है। इसकी फसल को बारिश से भी नुकसान हुआ है। इसका असर भी दाम पर पड़ रहा है। -बिलाल, लहसुन कारोबारी

तीन माह पहले की अपेक्षा आलू और प्याज के दाम में कुछ बढ़ोत्तरी हुई है। आलू का उत्पादन स्थानीय स्तर पर हो नहीं रहा। आलू कोल्डस्टोर से आ रहा है, इस पर किसान किराया भी जोड़ रहा है। इस वजह से आलू के भाव में कुछ अंतर आया है।   -ज्योति सिंह, सचिव मंडी समिति

ये भी पढ़ें : असहयोग आंदोलन को मूर्त रूप देने आए थे महात्मा गांधी, स्वतंत्रता संग्राम का प्रमुख केंद्र था मुरादाबाद

संबंधित समाचार