Banda Theft : छह दुकानों के ताले तोड़ चोरों ने पार किया लाखों का माल, पीड़ितों का आरोप पुलिस ने नहीं दर्ज की रिपोर्ट
बांदा में छह दुकानों के ताले तोड़ चोरों ने पार किया लाखों का माल।
बांदा में चोरों ने छह दुकानों के ताले तोड़ कर लाखों का माल पार कर दिया। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने रिपोर्ट नहीं दर्ज की।
बांदा, अमृत विचार। पुलिस की निष्क्रियता के चलते चोरी की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। शुक्रवार की रात मटौंध थाने से चंद कदम की दूरी पर स्थित छह दुकानों के ताले तोड़कर चोरों ने नकदी समेत लाखों का माल पार कर दिया। नाकामी जाहिर होने के भय से पुलिस ने रिपोर्ट पंजीकृत नहीं किया। पीड़ित दुकानदारों ने न्याय के लिये पुलिस अधीक्षक का दरवाजा खटखटाया।
मटौंध थाना क्षेत्र गुरहा थोक निवासी सत्यनारायण पुत्र स्व.राजा भइया की थाने के समीप सोने-चांदी के आभूषणों की दुकान है। चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर अलमारी में रखे 1 किलो 250 ग्राम चांदी और 9 ग्राम सोने की कीलें पार कर दीं। चोरों ने दुकान में रखे 30 हजार रुपये नकद भी साफ कर दिये, जबकि शहर के मोहल्ला सर्वोदय नगर निवासी सूरज प्रसाद पुत्र दिल्लीपथ कस्बे में कपड़े की दुकान करता है।
चोरों ने उसकी दुकान का तोड़कर साडियां, जींस पेन्ट और टी-शर्ट आदि पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गये इन कपड़ों की कीमत तकरीबन 50 हजार बताई जा रही है। इसी तरह वहां बाबूसेन पुत्र छिद्दू हेयर सैलून की दुकान किये है। चोरों ने इस दुकान से एक हेयर कटिंग मशीन और 8 हजार नकर पार कर दिये।
मातादीन वर्मा पुत्र नाथूराम की सिलाई व कपड़ों की दुकान से ताला तोड़कर चोर 5 हजार नकद उड़ाने में कामयाब रहे, जबकि मुन्ना सौदागर पुत्र मोहम्मद रज्जाक की जूता चप्पलों की दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने एक झाल जूता चप्पल पर हाथ साफ कर दिया, जिनकी कीमत 30 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा चोरों ने इस दुकान से 6 रुपये नकद भी साफ कर दिये। इसी तरह मुबारक अली पुत्र जहूर की किराने की दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने तकरीबन डेढ़ लाख रुपये कीमत का किराने का सामान उड़ा दिया।
पीड़ित दुकानदार का कहना है कि चोरों ने दुकान की गोलक से 30 हजार नकद भी पार कर दिया। पीड़ित सभी दुकानदारों ने पुलिस अधीक्षक को दिये शिकायत पत्र में बताया कि उन्हें उनकी दुकानों में हुई चोरी की जानकारी सुबह तकरीबन 5 बजे गांव के लोगों से हुई। आनन-फानन सभी ने अपनी दुकानों के हालात देखे और सभी ने चोरी की सूचना थाने में दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दुकानों की मौके पर फोटोग्राफी के साथ वीडियो बनाई। सब कुछ अपनी आंखों से देखने के बाद भी थाना पुलिस ने उनकी तहरीर पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज नहीं की। पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक को बताया कि उनका लाखों का नुकसान हुआ है। इतनी बड़ी आर्थिक क्षति को को देखते हुए तत्काल रिपोर्ट दर्ज करवाकर चोरी का खुलासा किया जाये।
