बरेली: दुष्कर्म कर पीड़िता को धमका रहा आरोपी, दी जान से मारने की धमकी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इज्जतनगर पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट, डर के चलते किशोरी घर से नहीं निकल पा रही

बरेली, अमृत विचार। दुष्कर्म के बाद आरोपी किशोरी को जान से मारने की धमकी दे रहा है। डर के चलते पीड़िता घर से नहीं निकल पा रही है। शिकायत पर इज्जतनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसके पड़ोस में ओमवीर रहता है। वह उनकी 16 वर्षीया बेटी के साथ कई बार छेड़छाड़ कर चुका है। परिजनों से शिकायत की, लेकिन वे लोग मारपीट पर उतारू हो गए। इससे आरोपी के हौसले बुलंद हो गए और उनकी बेटी को धमकाने लगा कि तू मेरी नहीं हुई तो किसी की नहीं होने दूंगा।

आरोप है कि 23 जुलाई की रात 11 बजे ओमवीर उनके घर में घुस आया और बेटी को दबोच लिया। उसके साथ दुष्कर्म किया। शोर सुनकर परिवार के लोग जाग गए और ओमवीर को पकड़ लिया, लेकिन वह हाथ छुड़ाकर भाग गया।

महिला ने बताया कि आरोपी उनकी बेटी पर शिकायत वापस लेने का दबाव बना रहा है। ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी दी है। इससे उनकी बेटी डरी हुई है और घर से बाहर नहीं निकल रही है। इंस्पेक्टर इज्जतनगर अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ये भी पढ़ें- बरेली: शासन की फटकार फिर भी ई-संजीवनी ओपीडी में नहीं सुधार

संबंधित समाचार