बरेली: लाकडाउन खत्म, अब पटरी पर लौटेगा कारोबार
बरेली, अमृत विचार। लाकडाउन में करोड़ों का कारोबार ठप होने से परेशान व्यापारियों को राहत देते हुए सरकार ने लाकडाउन में रविवार की बंदी को भी खत्म कर दिया है। यानी अब बाजार बंदी की बंदिश पूरी तरह खत्म हो गई है लेकिन सुरक्षा उपायों पर व्यापारियों को ध्यान देना होगा। व्यापारियों का कहना है …
बरेली, अमृत विचार। लाकडाउन में करोड़ों का कारोबार ठप होने से परेशान व्यापारियों को राहत देते हुए सरकार ने लाकडाउन में रविवार की बंदी को भी खत्म कर दिया है। यानी अब बाजार बंदी की बंदिश पूरी तरह खत्म हो गई है लेकिन सुरक्षा उपायों पर व्यापारियों को ध्यान देना होगा।
व्यापारियों का कहना है कि अब जिले में पूर्व की भांति बाजार अपने साप्ताहिक बंदी वाले दिन ही बंद रहेंगे। प्रदेश सरकार के निर्णय पर व्यापारियों ने खुशी जताई है। उनका कहना है 24 मार्च को लाकडाउन की घोषणा के बाद से जिले में करीब ढाई महीने बाजार पूरी तरह बंद रहे। इसके बाद अनलाक शुरू होने पर बाजारों के लिए रोस्टर तैयार किया गया। जिला प्रशासन के निर्देशों के तहत बाजार सप्ताह में तीन दिन ही खोले गए।
अनलॉक-3 आने के साथ ही सरकार ने शनिवार और रविवार को साप्ताहिक लाकडाउन घोषित किया। इससे नाखुश व्यापारी लगातार बाजार बंदी की बंदिश खत्म करने की मांग कर रहे थे। इसी के चलते सरकार ने व्यापारियों को सहूलियत देते हुए अनलॉक-4 में बाजार में बंदी की बंदिश को पूरी तरह खत्म कर दिया। व्यापारियों का मानना है कि अब जल्द ही कारोबार पटरी पर लौट आएगा।
प्रतिदिन हो रहा था 250 करोड़ का नुकसान
लाकडाउन से पूर्व प्रतिदिन जिले में कपड़ा, सराफा, किराना, हार्डवेयर आदि का 350 करोड़ रुपये कारोबार था। मार्च में लाकडाउन लगने के बाद करीब तीन महीने बंद पूरी तरह से बाजार बंद रहने के कारण हजारों करोड़ का नुकसान हुआ। अनलाक में छूट मिलने पर भी व्यापार पटरी पर नहीं आ सका। व्यापारियों के मुताबिक रोजाना करीब 250 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हो रहा था।
होटल-रेस्टोरेंट को सबसे अधिक फायदा
रविवार को लाकडाउन खत्म होने का सबसे अधिक लाभ होटल-रेस्टोरेंट स्वामियों को मिलेगा। पिछले कई दिनों से इसको लेकर मांग भी की जा रही थी। शहर के कुतुखखाना, सिविल लाइंस, डीडीपुरम आदि जगह पर कई रेस्टोरेंट हैं। रविवार को इनके बंद रहने से लोगों को काफी परेशानी होती थी। इसके अलावा किराना बाजार भी रविवार को खुलने से लोगों की परेशानी कम हो सकेगी।
सिर्फ कंटेनमेंट जोन में होगी रोक-टोक
सरकार ने कंटेनमेंट जोन को छोड़कर अन्य स्थानों पर सभी होटल और रेस्तरां का संचालन कराये जाने के निर्देश दिए हैं। कंटेनमेंट जोन में लाकडाउन पूर्व की तरह ही रहेगा। इन गतिविधियों में संक्रमण से सुरक्षा के सभी मानकों का पालन होगा। कंटेनमेंट जोन में सभी लोगों का कोरोना टेस्ट कराया जाएगा। इसके अलावा तहसील दिवस और थाना दिवस भी कोविड-19 गाइडलाइन के अनुसार संचालित करने का निर्देश दिया है।
“सरकार ने व्यापारियों को बड़ी राहत देने का काम किया है। सुरक्षा इंतजामों के साथ व्यापारी कारोबार कर रहे हैं। रविवार को ग्राहकों की आवाजाही रहेगी। इससे कारोबार पर फर्क पड़ेगा।“ -संदीप अग्रवाल, अध्यक्ष सराफा एसोसिएशन
“कारोबार में घाटा होने के कारण व्यापारी परेशान हैं। लाकडाउन खत्म करने का निर्णय व्यापार हित में सराहनीय है। अब पूर्व की तरह बाजारों में सप्ताहिक बंदी रहेगी।“ -राजेंद्र गुप्ता, अध्यक्ष, उद्योग प्रतिनिधि व्यापार मंडल
“बाजारों के लिए एक अहम निर्णय सरकार ने लिया है। इससे कारोबार पटरी पर लौटेगा। सभी व्यापारियों से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील कर रहे हैं।” -सुधीश पांडेय, जिलाध्यक्ष, पश्चिमी उप्र उद्योग व्यापार मंडल
“पिछले कई दिनों से व्यापारी पूर्व की तरह ही साप्ताहिक बंदी रखने की मांग कर रहे थे। अब जिले में पूर्व की तरह जिस दिन जहां दुकानें बंदी रहती हैं, वैसे ही रहेंगी। रविवार को ग्राहकों का इसका लाभ मिलेगा।“ -गुलशन सब्बरवाल, अध्यक्ष, किराना थोक कमेटी
