Etawah News: PM Modi पर की अभद्र टिप्पणी, पुलिस ने मुठभेड़ में सपा नेता को किया गिरफ्तार, जानें- पूरा मामला
इटावा में प्रधानमंत्री पर अभद्र टिप्पणी के आरोप में सपा नेता गिरफ्तार।
इटावा में प्रधानमंत्री पर अभद्र टिप्पणी के आरोप में पुलिस ने सपा नेता को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सपा नेता के खिलाफ विभिन्न धाराओं में पहले से 16 मुकदमे दर्ज हैं।
इटावा, अमृत विचार। पिछले दिनों देश के प्रधानमंत्री को लेकर फेसबुक साइट पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में पुलिस ने सपा नेता को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सपा नेता के खिलाफ विभिन्न धाराओं में पहले से 16 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने 7 क्रिमिनल एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज करके जेल भेजा है। गिरफ्तार आरोपी इसके पहले वह भाजपा व बसपा में रहे हैं। वह सपा के महासचिव शिवपाल सिंह के खिलाफ जसवंतनगर विधानसभा से चुनाव भी लड़ चुके हैं। विधानसभा चुनाव में वह सपा में शामिल हो गये थे।
पांच दिन दिन पहले फेसबुक साइट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर अभद्र टिप्पणी की गयी थी। सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल होने के बाद चौबिया थाने में तैनात एसआई दर्शन सिंह ने नगला मर्दान के रहने वाले मनीष यादव पतरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने रविवार की दोपहर में पत्रकारों को बताया कि मुकदमा दर्ज करके पुलिस ने पतरे की गिरफ्तारी को दबिश दी थी।
रविवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि मनीष यादव पतरे अपने गांव में है। पुलिस ने घेरेबंदी की और उसको गिरफ्तार करने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया जब पुलिस ने घेर लिया तो बचने के लिये पुलिस टीम पर फायरिंग की। इस पर पुलिस ने भी फायरिंग की। इसके बाद पुलिस ने उसको दबोच लिया। तलाशी में पुलिस को मनीष के पास से तमंचा व कारतूस बरामद किये गये हैं।
एसएसपी ने बताया कि मनीष यादव पतरे हिस्ट्रीशीटर है, उसके खिलाफ अलग अलग मामलों में पहले से16 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस से मुठभेड़ को लेकर उसके खिलाफ हत्या के प्रयास व 7क्रिमिनल एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज करके जेल भेजा गया है।
इस पुलिस टीम ने किया गिरफ्तार
एसएसपी ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर सपा नेता मनीष यादव पतरे को गिरफ्तार करने के लिये दो टीमों ने मशक्कत की। इसमें पहली टीम में एसओजी प्रभारी तारिक खान,सर्विलांस प्रभारी समित चौधरी व उनकी टीम और दूसरी टीम में चौबिया थानाध्यक्ष मंसूर अहमद, एसआई दर्शन सिंह, शाहरुख खान, दीपेन्द्र सिंह, अंकित सिंह, रवि पवार शामिल रहे। एसएसपी ने पुलिस की दोनों टीमों की सराहना की है।
