संभल: सिनेमा हाल में टिकट ले रहे अधिवक्ता से मारपीट, घटना से मचा हड़कंप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सोने की चेन खींचने का आरोप, घटना से महिलाओं व बच्चों में मचा हड़कंप, सीसीटीवी में मारपीट की घटना कैद होने का किया दावा

चन्दौसी, अमृत विचार। सिनेमा हाल में परिवार के साथ फिल्म गदर 2 देखने गए अधिवक्ता को मारपीट कर घायल कर दिया। साथ ही आरोपियों ने अधिवक्ता के गले में पड़ी सोने की चेन भी खींच ली। घटना से सिनेमा हाल में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। पीड़ित अपनी मां के साथ कोतवाली पहुंचा। घटना की तहरीर मां की ओर से दो नामजद सहित चार आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में दी गई है। पुलिस ने घायल का उपचार सीएचसी में कराया है। परिजनों ने घटना सिनेमा हाल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात कही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

शहर के सिनेमा हाल अजंता टाकीज में गदर 2 फिल्म लगी हुई है। फिल्म देखने के लिए रोजाना सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। जिसमें काफी लोग हाउस फुल होने पर बिना फिल्म देख घर लौट आते हैं। यह सिलसिला पिछले कई दिनों से चल रहा है। रविवार की छुट्टी होने पर सैमर टोला निवासी अधिवक्ता दीपक कुमार अपने परिवार के साथ फिल्म देखने पहुंचा। जब वह टिकट विंडो पहुंच कर टिकट की जानकारी कर रहा था। 

तो एक युवक से कहासुनी हो गई। इस पर युवक ने अधिवक्ता को धक्का दे दिया, विरोध करने पर युवक अपने साथियों के साथ अधिवक्ता के साथ मारपीट करने लगा। इस दौरान धारदार हथियार से सिर पर हमला कर दिया। जिससे अधिवक्ता घायल हो गया। सिनेमा हाल में मारपीट की घटना से हड़कंप मच गया। महिला व बच्चे इधर-उधर भागने लगे।

 इसके बाद परिजनों ने हमलावरों से अधिवक्ता को बचाया और कोतवाली लेकर आए। अधिवक्ता की मां शशिवाला ने कोतवाली में दी तहरीर में कहा है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने अधिवक्ता के गले में पड़ी दो तोले की सोने की चेन खींच ली। साथ ही सिनेमा हाल में लगे सीसीटीवी कैमरे में मारपीट की घटना कैद होने की बात कही गई है। पुलिस ने घायल अधिवक्ता का उपचार सीएचसी में कराया है। पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।

ये भी पढ़ें:- दुनिया में भारत के सबसे बड़े राजदूत हैं अमिताभ बच्चन, जानिए अमेरिकी सांसद खन्ना ने क्यों कहा ऐसा

संबंधित समाचार